
राजनांदगांव। डोंगरगढ़ पुलिस को चोर गिरोह को पकड़ने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोर गिरोह के तीन आरोपी सहित 2 अपचारी बालकों को धर-दबोचा है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के 6 नग मोबाइल, गैस सिलेंडर सहित अन्य सामानों की बरामदगी की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी पराग बावनकर निवासी नाकापारा डोंगरगढ बस स्टैण्ड स्थित मोबाईल दुकान से अज्ञात चोरों द्वारा शटर का ताला तोड़कर 6 नग मोबाईल फोन एवं 3 हजार नगदी रकम चोरी कर फरार हो गए हैं।
चोरी के मोबाइल को बेचने तलाश रहे थे ग्राहक
वहीं डोंगरगढ़ के आंगनबाड़ी सहायिका सुनीता यादव ने भी एक नग गैस सिलेंडर, 50 किलो चावल और 5 किलो दाल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों की शिकायत पर पुलिस मामला दर्ज कर विवेचना में जुटी थी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग रेलवे स्टेशन में सस्ते दर पर मोबाइल बेचने ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदेहियो को पकडकर अभिरक्षा में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पुछताछ में आरोपियों ने चोरी करना कबूल कर लिया।
पांच आरोपियों ने दिया था घटना को अंजाम: पुलिस चोरी करने वाले गिरोह के आरोपी गोकुल मालेकर पिता राजेन्द्र निवासी मोचीपारा डोंगरगढ़, पीयुष सिंह परिहार पिता विजय सिंह निवासी कश्मीरीपारा डोंगरगढ एवं रोहित गिन्दौडे पिता सेवक निवासी मोचीपारा डोंगरगढ़ और 2 विधि से संघर्षरत बालक निवासी डोंगरगढ़ को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए मोबाइल, सिलेंडर गैस व चावल और दाल को बरामद कर लिया गया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
Published on:
5 Aug 2022, 4:37 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.