दिगंबर जैन मंदिर में हुआ आयोजन
रायसेन. मां मंगला के गर्भ से अयोध्या में जन्मे और मेघ प्रभ के सुत पांचवें तीर्थंकर भगवान सुमित नाथ का गर्भ, जन्म, तप और मोक्ष कल्याणक मंगलवार को श्री पारसनाथ दिगंबर जैन मंदिर में बड़े ही हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न अनुष्ठान किए गए, जिनमें शांतिधारा की पहली बोली कुंदन लाल जैन ने प्राप्त की, गौरतलब है कि मंदिर में भगवान सुमित नाथ को विराजमान भी कुंदन लाल जैन ने ही कराया था। शांतिधारा की दूसरी बोली मनोज जैन ने प्राप्त की। मंगलाष्टक कुंदन लाल जैन एवं शांतिधारा पाठ राजेश्वरी देवी जैन द्वारा पढ़ा गया।
24वें तीर्थंकर भगवान महावीर का जन्मोत्सव कल बड़े ही धूमधाम से मनाया जाएगा। समाज के प्रचार प्रसार व्यवस्थापक राकेश जैन ने बताया कि श्री पाश्र्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर से सुबह 7:30 बजे विमान का चल समारोह प्रारंभ होगा, जो दुर्गा चौक, रामलीला गेट, सागर तिराहा, महामाया चौक धर्म चक्र से होता हुआ वापस मंदिर पहुंचेगा। चल समारोह में महिलाएं पीली साड़ी पहनकर सिर पर कलश रखकर चलेंगी। वहीं पुरुष कुर्ते पजामा में शामिल होंगे। समस्त दिगंबर जैन समाज अपने घरों के सामने रंगोलियां बनाकर श्रीजी की आरती करेंगे। जैन समाज के समस्त प्रतिष्ठान दोपहर 12 बजे तक बंद रहेंगे। मंदिर में पहुंचने के बाद भगवान के अभिषेक एवं फूल माला का कार्यक्रम होगा और रात में संगीतमय आरती होगी। इसके अलावा जैन समाज द्वारा इस दिन वृद्धाश्रम में फल वितरण किया जाएगा। पत्रिका के अभियान के तहत पक्षियों के लिए जल पात्र रखे जाएंगे।
जहां प्रेम-सरलता होगी वहीं अवतार लेते हैं प्रभु
बेगमगंज. ग्राम मूडला चावल में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के द्वितीय दिवस पर हिरण्य कश्यप की कथा का प्रसंग सुनाया गया। भागवत प्रवक्ता संजय दुबे ने सुंदर रसमय कथा का श्रवण कराया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण ने गायों और गरीब ग्वालों के बीच अवतार लिया, जहां प्रेम और सरलता होती है, वहीं भगवान अवतार लेते हैं। मनुष्य को सरल और करुण भाव का होना चाहिए। जहां अहंकार और कपट होता है वहां भगवान नहीं ठहरते। कलियुग में केवल भगवत हरि नाम ही मोक्ष प्राप्ति का मार्ग है। इसलिए कथा सुनने का सही तात्पर्य यही है कि हम सभी कथा को अपने अंदर आत्मसात भी करें। कथा आयोजक मलखान ङ्क्षसह गुर्जर परिवार द्वारा व्यासपीठ की पूजा अर्चना कर प्रसाद का वितरण किया गया।
पठरिया धाम पहुंचेगी ग्यारह सौ ध्वजा यात्रा
गैरतगंज. नगर में बजरंग दल, विश्व ङ्क्षहदू परिषद द्वारा ग्यारह सौ ध्वजा यात्रा निकाली जा रही है। मंगलवार को यह यात्रा भानपुर गंज मिनी करीला धाम से प्रारंभ हुई। यात्रा का जगह-जगह द्वार पर रंगोली और पुष्पवृष्टि कर स्वागत किया जा रहा है। ध्वजा यात्रा के साथ भगवान राम की मनमोहक प्रतिमा आकर्षण का केंद्र है। साथ में अखाड़े, घोड़ा बग्गी, डीजे आदि भी हैं। यह यात्रा ग्राम समनापुर होते हुए श्री राम रसिया दरबार पठरिया धाम पहुंचेगी। यहां मंदिर में ग्यारह सौ ध्वजा धर्म यात्रा का समापन एवं महाप्रसादी वितरण किया जाएगा।