
भीम. नगरपालिका गठन की प्रक्रिया के बीच भीम कस्बे में ग्राम पंचायत बिना सक्षम मंजूरी के अवैध रूप से वाणिज्यिक कॉम्प्लैक्स और दुकानों का तेजी से निर्माण कर रही है। इस धांधली में पंचायत यह भी भूल गई कि वह तहसील और पशु चिकित्सालयों की जमीनों पर ही अवैध निर्माण कर चुकी है। यह स्थिति तब है, जब तहसीलदार ने सीजिंग कार्यवाही की और तीन दिन में जवाब मांगा था। इन निर्माण कार्यों का ग्रामीणों ने भी विरोध किया है। पंचायत दिन-रात युद्धस्तर पर निर्माण में जुटी है।
कस्बे के बदनौर चौराहा स्थित सार्वजनिक सराय की दूसरी मंजिल तक दुकानें निर्माण करा रही है। यह जमीन राजस्व ग्राम भीम के आराजी नंबर 16544/10515 रकबा 2.1003 हेक्टेयर तहसीलदार भीम के नाम खातेदारी दर्ज है। ग्रामीणों की शिकायत पर जिला कलक्टर ने जांच करवाई। सराय के ऊपर बिना सक्षम स्वीकृति के अवैध निर्माण पाया गया। दुकानों के निर्माण को लेकर तहसीलदार ने गत 4 अप्रेल, 2023 को एक कार्यालय आदेश जारी कर पंचायत को तीन दिवस में जवाब पेश करने को कहा था।
पशु चिकित्सालय की जमीन पर बन गईं 15 दुकानें
कस्बे में बरतू स्थित पशु चिकित्सालय की जमीन पर ग्राम पंचायत ने 15 दुकानों का निर्माण पूरा कर दिया। निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी उम्मेद सिंह राजावत को शिकायत की थी। एसडीएम ने तत्कालीन विकास अधिकारी शशि तंवर को दुकानों के निर्माण की जांच कर कार्य रुकवाने के निर्देश दिए थे। तत्कालीन विकास अधिकारी शशि तंवर ने भी काम रोकने को कहा, लेकिन पंचायत ने दुकान निर्माण पूरा करके ही दम लिया।
इनका कहना है...
राजस्व रिकॉर्ड में जमीन पशु चिकित्सालय के नाम दर्ज है, लेकिन मौके पर निर्माण कौन करा रहा है, इसकी वस्तुस्थिति मुझे नहीं पता है। मैं प्रतिनियुक्ति पर हूं। पूरे मामले को लेकर पूर्व अधिकारियों ने कार्यवाही रिपोर्ट उच्च अधिकारी को प्रेषित की है।
डॉ. राहुल अग्रवाल, पशु चिकित्सा अधिकारी
बदनोर चौराहा स्थित सार्वजनिक सराय की जमीन भीम तहसीलदार के नाम है। जिला कलक्टर एवं उपखंड अधिकारी के निर्देशानुसार नोटिस जारी कर अवैध निर्माण बंद करवाया था। ग्राम पंचायत द्वारा निर्माण पूरा कराने की मुझे कोई जानकारी नहीं है।
पारसमल बुनकर, तहसीलदार, भीम
सराय पर दुकान निर्माण को लेकर ग्राम पंचायत स्तर से वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर पंचायत की निजी आय से निर्माण कार्य कराया है। उपखंड अधिकारी एवं तहसीलदार भीम के नोटिस का जवाब पेश करने के बाद दुकानों का निर्माण प्रारंभ किया। पशु चिकित्सालय के पास निर्मित दुकानें पंचायत की निजी आय में बढ़ोतरी करेगी। ग्राम सभा के निर्णय के अनुमोदन के अनुसार दुकानों का आवंटन होगा।
महेंद्र कुमार भांवरिया, विकास अधिकारी, भीम
जांच के दिए हैं आदेश
तहसीलदार और विकास अधिकारी को पत्र प्रेषित कर बदनोर चौराहे स्थित सराय पर दुकानें निर्माण को लेकर प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति एवं निर्माण कार्य को लेकर जांच के आदेश दिए हैं।
उम्मेदसिंह राजावत, उपखंड अधिकारी, भीम
पंचायत की निजी आय में बढ़ोतरी, कस्बे के विकास तथा व्यवसायियों को रियायती दर पर दुकान उपलब्ध कराने को लेकर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। निर्माण में बजट पंचायत की निजी आय से खर्च किया जा रहा है। प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति ग्राम पंचायत स्तर पर जारी की है।
यशोदा कंवर, सरपंच, ग्राम पंचायत, भीम
Published on:
28 May 2023 10:11 pm

बड़ी खबरें
View Allराजसमंद
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
