
चारभुजा. इलाके में प्रात: 6:30 बजे अचानक बादल घिर आए। 5 मिनट के अंतराल में तेज अंधड़ चला, जिससे सड़क पर वाहन रुक गए, राहगीरों ने भी छतें ढूंढी। सुबह 7 से 7:30 बजे तक तेज वर्षा हुई। सड़कों पर पानी बह निकला। दोपहर 11 बजे फिर तेज हवाओं के साथ वर्षा हुई। दिनभर मौसम बदलता रहा। धूप-छांव का खेल चला। मौसम ठंडा हो गया। चारभुजा में शादी समारोह के लिए लगाए टेंट तेज हवाओं के साथ उड़ गए तथा व्यवस्थाएं चरमरा गई।
राजसमंद. जिले में मंगलवार को दूसरे दिन भी अंधड़ और बारिश का दौर जारी रहा। इससे मौसम ठंडा हो गया। अधिकतम तापमान में तीन डिग्री कम हुआ, जबकि न्यूनतम तापमान ३.५ डिग्री बढ़ गया। इस दौरान करीब ४.६ एमएम बारिश दर्ज की गई।
जिले में मंगलवार को सुबह ७ से ८ बजे तक तेज अंधड़ और बारिश का दौर शुरू हुआ। इससे कई जगह टीनशेड उड़ गए और पेड़ धराशाही हो गए। धीरे तो कभी तेज बारिश का दौर जारी रहा। करीब एक घंटे अंधड़ और बारिश का दौर चलता रहा। इसके बाद चटक धूप खिली, लेकिन दोपहर १२ बजे बाद फिर से अंधड़ और बारिश का दौर शुरू हुआ। इसके बाद शाम ४ बजे तक धूप खिली रही। इसके बाद फिर से काले बादल छा गए और बूंदाबांदी का दौर चलता रहा। तापमान में गिरावट आने से घरों में चल रहे कूलर आदि बंद हो गए। मौसम विभाग के जानकारों के अनुसार मंगलवार को अधिकतम ३० और न्यूनतम तापमान २२.५ डिग्री रहा, जबकि बारिश ४.६ एमएम हुई। सोमवार को अधिकतम ३३ और १९ डिग्री रहा था। आगामी दिनों में बादल और तेज हवा का दौर जारी रहने की संभावना है।
अंधड़ के साथ हुई झमाझम बारिश
देवगढ़. नगर में मंगलवार प्रात: से ही काले बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलने के साथ रिमझिम बारिश शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे झमाझम में बदल गई। बारिश का दौर रुक-रुक कर काफी देर तक जारी रहा, जिससे सड़कों पर पानी बहने लगा। इसके बाद गर्मी का असर खत्म हो गया और मौसम एकाएक ठंडा हो गया। इससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। इसके बाद पूरे दिन बादलों के डेरे के चलते धूप-छांव का मौसम बना रहा।
रिछेड़. कस्बे में पिछले तीन दिनों से जारी बारिश का दौर मंगलवार को भी जारी रहा। आज प्रात: के समय काले घने बादल छा गए और करीब 15 मिनट तक बारिश हुई। लगातार बारिश के दौर से गर्मी का असर काफी कम हो गया और मौसम ठंडा हो गया। बारिश के दौर के चलते किसानों ने भी अब अपने खेतों को बुवाई के लिए तैयार करना शुरू कर दिया है। इसके तहत खेतों की चारदिवारी की मरम्मत करने के साथ ही खेतों में खाद डालने का काम किया जा रहा है।
20 मिनट तक मूसलाधार बरसात
केलवा. क्षेत्र में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। 8 बजे तेज हवाएं चली। आसपास के क्षेत्रों में टिन-टप्पर उड़ गए, वहीं दुकानों के बाहर लगे बोर्ड उड़ गए। 11.30 बजे बादलों की तेज गर्जना के बीच शुरू हुई बारिश से सड़कों पर पानी बहने लगा, खेत लबालब भर गए। भीषण गर्मी से ग्रामीणों को राहत मिली। नन्हे-मुन्ने बालक बारिश में अठखेलियां करते नजर आए, वहीं बिजली गुल रहने से बिजली आधारित कामकाज ठप रहे।
कुंवारिया. तहसील क्षेत्र में विगत तीन दिनों से तूफानी हवाओं का दौर अनवरत रूप से जारी रहा, जिसके कारण क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पेड़ धराशायी हो गए। वहीं, कुछ घरों की छतों व नोहरंों में लगाए हुए लोहे के टीनशेड व सीमेंट के चादर उड़ गए। क्षेत्र में मंगलवार की सुबह से ही बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलने लगी। वहीं, दिन में रुक-रुक कर वर्षा का दौर भी जारी रहा। गर्मी के मौसम में वर्षा होने को लेकर किसानों ने आगामी मानसून कमजोर होने की चर्चा काफी जोरों से चल रही है। लेकिन, इसके साथ ही किसानों के द्वारा आगामी खरीफ फसलों की बुवाई को लेकर खेतों में तैयारियां भी शुरू कर दी गई है।
Published on:
31 May 2023 12:46 pm

बड़ी खबरें
View Allराजसमंद
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
