3 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

प्रदेश के इस शहर के अधिकारियों को सांसद ने सुनाई खरी-खरी

- अधिकारियों के उपस्थित नहीं होने पर कार्रवाई की करेंगे अनुशंषा, दिशा की बैठक में बाकि विधानसभा क्षेत्रों में महाराणा प्रताप की प्रतिमा लगाने के दिए निर्देश

2 min read
Google source verification
प्रदेश के इस शहर के अधिकारियों को सांसद ने सुनाई खरी-खरी

राजसमंद के कलक्ट्रेट सभागार में दिशा की बैठक लेती सांसद दीया व उपस्थित अन्य।

राजसमंद. राज्य सरकार अधिकारियों के माध्यम से पानी पर राजनीति कर रही है। क्षेत्र विशेष के लोगों के साथ भेदभाव करके उन्हें परेशान किया जा रहा है। अधिकारी सिर्फ कागजों में पानी की सप्लाई कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में हालत चिंताजनक है। लोगों की हालत खराब है। यह बात सांसद दीया कुमारी ने मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में दिशा की बैठक में कही। उन्होंने बे-मौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को हुए नुकसान की गिरदावरी सही नहीं करने का आरोप लगाते हुए गलत तरीके से की गई गिरदावरी को राज्य सरकार द्वारा किसानों के साथ मजाक बताया।
उन्होंने कृष्णा सर्किट योजना पर पूछे गए प्रश्नों के जवाब देने के लिए संबंधित अधिकारी उपस्थित नहीं होने पर रोष प्रकट करते हुए कहा कि दिशा बैठक व्यक्तिगत नहीं, क्षेत्र के विकास के लिए है। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी नहीं आएगा उसके खिलाफ कठोर कार्यवाही की अनुशंषा की जाएगी।

सांसद ने खारी फीडर को चौड़ा करने के लिए डीपीआर की प्रगति की जानकारी मांगी, लेकिन उसमें कोई विशेष प्रगति नहीं होने के कारण नाराजगी जाहिर करते हुए विभाग के अधिकारियों को पाबंद किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण और शहरी, सार्वजनिक निर्माण विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, बिजली, खनिज और कृषि विभाग से संबंधित कार्यों की जानकारी लेेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सासंद दीया ने महाराणा प्रताप और राणा कुम्भा की प्रतिमा राजसमंद मुख्यालय, महाराणा प्रताप और राणा कुम्भा की प्रतिमा कुंभलगढ़ और महाराणा प्रताप की प्रतिमा भीम विधानसभा में भी स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही सांसद आदर्श गांव और सांसद मद से होने वाले विकास कार्यों में आ रही रुकावटों की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में नाथद्वारा में एलिवेटेड रोड के नीचे बेरोजगार हुए लोगों की समुचित व्यवस्था नहीं करने पर नाराजगी प्रकट करते हुए तुरंत राहत देने, रेलमगरा गिलुंड रोड़ का कार्य बंद पड़ा होने का कारण पूछने पर अधिकारियों ने 15 जून तक मार्ग तैयार करने पर सहमति जताई। साथ ही केंद्र सरकार की योजना अंतर्गत बन रहे भाणा स्टेडियम का 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी गई।
बैठक में जल जीवन मिशन योजना पर कुंभलगढ़ विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़ ने रोष जताते हुए अधिकारियों खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने कहा की केंद्र सरकार ने योजनाओं के लिए करोड़ों रुपए दिए, लेकिन राज्य सरकार पैसों का दुरूपयोग कर लीपापोती करते हुए सिर्फ बैनरों पर मुख्यमंत्री के फोटो लगा रही है।
बैठक में राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी, जिला प्रमुख रतनी देवी, सदस्य कर्णवीर सिंह राठौड़, लीलेश खत्री, नंदलाल सिंघवी, तिलकसिंह रावत, मधुप्रकाश लड्ढ़ा, माधव लाल चौधरी, जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी राहुल जैन, अतिरिक्त जिला कलक्टर रामचरण शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवलाल बैरवा, उपखंड अधिकारी बृजेश गुप्ता, नगरपरिषद आयुक्त जनार्दन शर्मा अन्य विभागों के अधिकारी सहित जनप्रतिनिधि, समाज सेवी एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

Story Loader