scriptराजा भी गया था, मामा भी जाएगा | The king was also there mama would also go | Patrika News
रतलाम

राजा भी गया था, मामा भी जाएगा

सपाक्स की वाहन रैली हनुमान ताल से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई दो बत्ती पर हुई समाप्त

रतलामSep 17, 2017 / 01:47 pm

bhuvanesh pandya

patrika
रतलाम। सामान्य, पिछड़ा वर्ग और अस्पसंख्य संगठन (सपाक्स) की वाहन रैली में सरकार के खिलाफ बिगुल बजा दिया है। रैली में शामिल सपाक्स के जिलेभर के पदाधिकारियों ने हाथों में तख्तियां ले रखी थी तो, पदोन्नति में आरक्षण विरोधी नारे लिखे हुए टोपी भी पहन रखी थी। रास्तेभर वाहन चालक जोरदार तरीके से नारेबाजी करते रहे। राजा भी गया था मामा भी जाएगा जैसे नारे जोरशोर से लगाकर सरकार तक आवाज पहुंचाई गई। सपाक्स संगठन के अध्यक्ष परीक्षित पुरोहित, नोडल राजेंद्र अग्रवाल, शैलेंद्रसिंह चंद्रावत और सचिव आरएन केरावत ने बताया रैली में जिलेभर से डेढ़ हजार से ज्यादा वाहन शामिल हुए।
महिलाओं ने भी की हिस्सेदारी

रैली में बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियों ने भी जोरशोर से हिस्सेदारी करके अपनी बात सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया। रैली में सबसे आगे महिलाओं के दो पहिया वाहन थे। इन्हीं के बीच करणी सेना (महिला) की प्रदेश उपाध्यक्ष तृप्तिसिंह जीप में अन्य महिला पदाधिकारियों के साथ शामिल हुईं। रैली में शामिल महिलाओं में नौकरीपेशा के साथ ही नौकरी नहीं करने वाली महिलाओं और बच्चों ने भी बड़ी संख्या शामिल होकर संदेश दिया कि पदोन्नति में आरक्षण समाप्त किया जाए।
शुरुआत स्थल पर संबोधन

रैली की शुरुआत हनुमान ताल से सुबह ११ बजे होना थी। यहां सभी के रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई थी। इसी दौरान मंच से कई वक्ताओं ने संबोधन भी दिया। सभी ने एक ही बात पर जोर दिया कि पदोन्नति में आरक्षण की व्यवस्था समाप्त करते हुए प्रदेश सरकार को न्यायालय के निर्णय का पालन करने के साथ ही आर्थिक आधार पर आरक्षण की व्यवस्था करना चाहिए। जो व्यवस्था पहले थी उसी तरह पदोन्नति सरकारी कर्मचारियों को मिलना चाहिए जिससे समानता का अधिकार वास्तविक रूप से लागू हो सके।
यहां से होकर गुजरी रैली

रैली हनुमान ताल से सुबह करीब साढ़े ११ बजे शुरू हुई। रैली यहां से बरवड़ रोड, अलकापुरी चौराहा, राम मंदिर, सैलाना बस स्टैड, शहर सराय, धानमंडी, चांदनीचौक, नाहरपुरा, कॉलेज रोड, लोकेंद्र टाकिज चौराहा, न्यू रोड, दो बत्ती, फ्रीगंज, स्टेशन रोड होते हुए दो बत्ती पर समाप्त हुई।

Home / Ratlam / राजा भी गया था, मामा भी जाएगा

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो