
नई दिल्ली। उत्तराखंड के लगभग 87 हजार छात्रों को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 10वीं के नतीजों का इंतजार था, जो मंगलवार को समाप्त हुआ। सीबीएसई के रिजल्ट जारी करते ही अधिकतर छात्रों में खुशी की लहर दौड़ उठी लेकिन वहीं, कुछ ऐसे छात्र भी थे जिन्हें सप्लीमेंट्री आई तो कुछ अपने परिणाम से संतुष्ट नजर नहीं आए।
बता दें कि इस बार रिजल्ट परीक्षा के आधार पर नहीं बल्कि 9वीं व 10वीं कक्षा के इंटरनल एग्जाम के आधार पर तैयार किया गया है।
क्या रहा रीजनल रिजल्ट
परिणाम मंगलवार दोपहर 12 बजे घोषित किया गया, जिसमें ऋषिकेश की राशि अरोड़ा ने 99.60 प्रतिशत अंक हासिल किए, कुमाऊं के रुद्रपुर के धैर्य अरोड़ा ने भी 99.60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं, अंशित अग्रवाल ने 99.40 फीसदी तो अनन्या गर्ग ने 99.20 फीसदी अंक हासिल किए। देहरादून रीजन का रिजल्ट 99.23 फीसदी रहा।
कुछ छात्रों ने परिणाम से पहले ही 11 वीं में लिया प्रवेश
परिणाम से पहले ही कई छात्र आश्वस्त थे और उन्होंने 11वीं कक्षा में एडमिशन भी ले लिया था। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि इस बार परीक्षा न करवाकर एक विशेष मानदंड तय किया गया, जिसके तहत छात्रों को अंक दिए गए। ऐसे में बमुश्किल ही कोई छात्र फैल हुआ होगा। यही सोचते हुए कुछ छात्रों ने 11वीं कक्षा की तैयारी शुरु कर दी।
असंतुष्ट छात्रों के लिए खुला रहेगा परीक्षा का विकल्प
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने असंतुष्ट छात्रों के लिए भी विकल्प तैयार कर रखा है। जो छात्र अपने परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं, वे ऑफलाइन परीक्षा देकर अपना स्कोर बेहतर कर सकते हैं। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि परीक्षा 16 अगस्त से 15 सितंबर के बीच हो सकती हैं।
जल्द ही शुरू होगी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया
असंतुष्ट छात्र इन परीक्षाओं में उपस्थित रहकर, अपना रिजल्ट बेहतर कर सकते हैं। लिखित परीक्षा के नतीजे ही अंतिम नतीजों के तौर पर देखे जाएंगे। फिर चाहे लिखित परीक्षा में अधिक अंक प्राप्त हुए हों या कम। परीक्षा के प्रश्नपत्रों के नमूने सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। बोर्ड जल्द ही लिखित परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन पोर्टल भी शुरू कर देगा।
Published on:
4 Aug 2021, 10:38 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.