
Couple dies due to four wheeler collision
रीवा. अनियंत्रित फोरव्हीलर ने सड़क के किनारे खड़े तीन लोगों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दम्पति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से गुस्साई भीड़ ने दोनों वाहनों में आग लगा दी। इस दौरान पुलिसकर्मी पहुंचे तो उनके साथ भी लोगों ने झूमाझटकी कर मारपीट की। पुलिस ने किसी तरह विवाद को शांत कराया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया। रोंगटे खड़े कर देने वाली यह घटना नईगढ़ी थाने के जुड़मनिया गांव की है। मुधुनी प्रजापति पति सुरेश प्रजापति 40 वर्ष निवासी जुड़मनिया रविवार की शाम करीब 6 बजे पति सुरेश प्रजापति व पुत्र के साथ खेत काटने गई थी। शाम को गेहूं का बोझा लाने के लिए उसे साइकिल में तीनों लोग बांध रहे थे तभी विपरित दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार फोरव्हीलर ने उनको टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोर थी कि तीनों लोग साइकिल सहित उछलकर दूर जा गिरे। इस हृदय विदारक हादसे में दम्पत्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान चालक नियंत्रण खो बैठा जिससे फोरव्हीलर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़ी दूसरी कार से टकर गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन पहुंच गए। घटनास्थल का दृश्य रोंगटे खड़े कर देने वाला था। हादसे को देखकर परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने सड़क के किनारे दोनों वाहनों में आग लगा दी जिससे वे जलकर खाक हो गए। घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान प्रधान आरक्षक मुंशीलाल ठकुरिया सहित अन्य पुलिसकर्मी गुस्साई भीड़ का शिकार हो गए और पुलिसकर्मियों से मारपीट शुरू कर दी जिसमें प्रधान आरक्षक को चोटे आई है। घटना से काफी देर तक गांव में बवाल मचा रहा।
दूसरे थानों का बल पहुंचा, एक घंटे बाद नियंत्रण में आई स्थिति
हादसे के बाद मचे बवाल की सूचना मिलते ही लौर थाना प्रभारी केपी त्रिपाठी अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंच गए। गुस्साई भीड़ को उन्होंने समझाइश देकर शांत कराया। बाद में थाने से दमकल बुलाया गया जिसकी मदद से दोनों वाहनों में लगी आग को बुझाया गया है। हालांकि तब तक दोनों वाहन जलकर खाक हो चुके थे। पुलिस ने तत्काल घायल युवक सहित प्रधान आरक्षक को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। युवक की हालत को देखते हुए उसे एसजीएमएच के लिए रेफर कर दिया गया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवा दिया गया है।
काफी तेज गति से वाहन चला रहा था आरोपी चालक
प्रारंभिक जांच में हादसा फोरव्हीलर वाहन चालक की लापरवाही से होने की बात सामने आई है। आरोपी काफी तेज गति से वाहन चला रहा था। दम्पति सड़क के किनारे साइकिल खड़ी कर उसमें बोझा बांध रहे थे। चालक ने रांग साइड में आकर उनको टक्कर मारी थी और आगे जाकर कार से टकरा गया। पुलिस अब घटना की जांच में जुटी है।
अलग-अलग मामले दर्ज कर रही पुलिस
इस घटना के बाद पुलिस अलग-अलग मामले दर्ज कर रही है। फोरव्हीलर वाहन चालक के खिलाफ हादसे का मामला पंजीबद्ध किया गया है। वहीं वाहनों में आगजनी करने और प्रधान आरक्षक के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ भी प्रकरण पंजीबद्ध किये जा रहे है। आगजनी करने वाले लोगों की पहचान के प्रयास किये जा रहे हैं।
वर्जन
जुड़मनिया गांव में फोरव्हीलर वाहन की टक्कर से दो लोगों की मौत हो गई और एक युवक घायल हुआ है। घटना के बाद वाहनों में आगजनी हुई है। तत्काल पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था जिसने स्थिति को नियंत्रित कर दमकल की मदद से आग को बुझाया है। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवा दिया गया है। घटना की जांच की जा रही है।
शिवकुमार वर्मा, एएसपी रीवा
Published on:
11 Apr 2022 01:42 am
बड़ी खबरें
View Allरीवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
