सागर.जल की महत्ता वेदों ने बताई है। जल के बगैर जीवन संभव नहीं है। जल संरक्षण के लिए लेहदरा नाका स्थित बड़ी नदी को संवारने का जो बीड़ा पत्रिका समाचार पत्र ने अमृतं जलम् अभियान के माध्यम से उठाया है। उसका परिणाम अब शहर में नजर आने लगा है। अभियान के माध्यम से जल संरक्षण को लेकर लोगों में वैचारिक क्रांति आ रही है। रविवार को बड़ी संख्या में लोगों ने यहां श्रमदान करके पसीना बहाया। महिलाओं ने भी भाग लिया। महिलाओं ने हाथों में तसला-फावड़ा लेकर घाटों की सफाई की। सुबह 7 बजे ही सफाई का सिलसिला शुरू हो गया था। करीब 2 घंटे तक लोगों ने यहां श्रमदान किया।
रविवार को श्रमदान करने के लिए विधायक शैलेन्द्र जैन भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि पत्रिका का यह कार्य सराहनीय है। जल्द ही बड़ी नदी स्वच्छ नजर आएगी। घाट का भी कायाकल्प किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधायक निधि और जन भागीदारी समिति के माध्यम से कार्य शुरू हो जाएगा। अमृत योजना के तहत दूसरी ओर भी घाट का निर्माण किया जाएगा। 31 जून तक घाट का कायाकल्प करने के लिए हम प्रयासरत रहेंगे।