सवाईमाधोपुर. घुश्मेश्वर द्वादशवां ज्योतिर्लिंग शिवाड़ में 18 से 21 फरवरी तक आयोजित होने वाले महाशिवरात्रि महोत्सव (मेला) की प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर सोमवार को जिला कलक्टर सुरेश कुमार ओला की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इस दौरान जिला कलक्टर ने विभागीय अधिकारियों को महाशिवरात्रि मेले को लेकर व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला कलक्टर ने कहा की मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो। इसके लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने अधीक्षण अभियन्ता विद्युत निगम के एसके अग्रवाल को महोत्सव के दौरान 24 घण्टे बिजली देनेे, रिजर्व ट्रांसफार्मर की व्यवस्था करने, पेयजल व्यवस्था के लिए मेले में एक टेंकर पीएचडी से एवं एक टेंकर ग्राम पंचायत की ओर से तथा तीन टेंकर ट्रस्ट की ओर से लगवाने को कहा। जिला कलक्टर ने मेले के दौरान श्रद्धालुओं को आस-पास के जिलों से पहुंचने में आसानी हो सकें, इसके लिए जयपुर, सवाई माधोपुर तथा टोंक से अतिरिक्त बसे लगाने के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए। इस पर रोडवेज के अधिकारियों ने पर्याप्त बसों की व्यवस्था करने की बात कही।
महिला कांस्टेबल ट्रैफिक पुलिस की बढ़ाए संख्या
मेले में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस अधिकारियों तथा कर्मचारियों की टीम तैयार करने, महिला कांस्टेबल और ट्रैफिक पुलिस की संख्या को बढ़ाने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्मसिंह मीना को मेले में 8-8 घण्टे की ड्यूटी डॉक्टरों की राउण्ड द क्लोक लगवाने एवं एक एम्बुलेंस मय पर्याप्त दवाईयों के मेडिकल टीम सहित 24 घण्टे लगवाने के निर्देश दिए। नगर परिषद् आयुक्त को मेले में एक अग्निशमन वाहन मय स्टाफ के 24 घण्टे उपलब्ध करवाने, मोबाईल शौचालय की व्यवस्था भी करने के निर्देश दिए।
सड़कों को ठीक कराने के दिए निर्देश
उन्होंने मन्दिर ट्रस्ट की ओर से लगाए जाने वाले कार्यकर्ताओं को पहचान पत्र जारी करने व सीसीटीवी कैमरे लगाने, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को सारसोप से ऐचेर, शिवाड़ से मुरली मनोहरपुरा, शिवाड़ से उम्मेदपुरा तथा टापुर तक मौका मुआयना कर क्षतिग्रस्त सड़कमार्ग को मेला अवधि से पहले ठीक कराने के निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम चौथ का बरवाड़ा उपेन्द्र शर्मा, मुख्य आयोजना अधिकारी बाबूलाल बैरवा, अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग एसके अग्रवाल, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी गोविन्द बंसल, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी ट्रस्ट पदाधिकारी मौजूद थे।
फोटो कैप्शन
सवाईमाधोपुर. जिला कलक्ट्रेट सभागार में महाशिवरात्रि महोत्सव की तैयारी बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते जिला कलक्टर।