सवाईमाधोपुर. गर्मी के तल्ख तेवर होने के साथ ही अब इलेक्ट्रानिक दुकानों पर फ्रीज, कूलर व एसी की मांग बढ़ गई है। इस बार बिक्री में कंपनियों के कूलर में करीब 10 से 20 प्रतिशत तक का इजाफा हुआ है। पिछले साल की तुलना में इस बार कूलर पर 500 एवं पंखे पर 130 रुपए बढ़े है। इसके आलावा फ्रीज पर भी पांच सौ से एक हजार रुपए बढ़े है।
अमूमन मई व जून में पडऩे वाली गर्मी इस बार मार्च के शुरूआती दौर में ही दिखने लगी है। मार्च का आधा महीना बीतने की ओर है और अभी से गर्मी का पारा चढऩे लगा है। ऐसे में अप्रेल, मई व जून में गर्मी और बढ़ेगी। स्थिति ये है कि मार्च के दूसरे सप्ताह में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। गर्मी के चलते समय से पहले ही कूलर, फ्रिज, एसी एवं पंखों की मांग शुरू हो गई है। सीलिंग फैन विभिन्न कंपनी के जहां 1450 से लेकर 3500 रुपए तक में हैं। वहीं लोकल कंपनी के सीलिंग फैन 850 से लेकर 2000 रुपए तक उपलब्ध हैं।
6 हजार से अधिक है ब्रांडेड कंपनी के कूलर के दाम
जिला मुख्यालय पर ब्रांडेड कंपनी के कूलर की शुरूआत ही 6 हजार से अधिक है। वहीं लोकल कंपनी के कूलर 3500 से 6500 तक में उपलब्ध हैं। बाजार में कूलर 20 हजार रुपए तक उपलब्ध है। वहीं फ्रिज 10 हजार 950 से लेकर 20 हजार से ज्यादा तक के दामों में उपलब्ध है। उधर, गर्मी के चलते इस बार बजरिया में मुख्य बाजार, चौथकाबरवाड़ा बस स्टैण्ड, पुरानी ट्रक यूनियन, पुराना शहर के बाजारों में स्थित इलेक्ट्रानिक दुकानों में ग्राहकों की भीड़ नजर आ रही है।
दिन में खिल रही चटकीली धूप
जिला मुख्यालय पर होली के बाद से ही तापमान में यकायक तेजी आई है। पिछले कुछ दिनों से धूप की तल्खी बढऩे से अब दिन व रात पंखे चलने लगे है, जबकि थोड़े दिन बाद कूलर व एसी भी चलने शुरू हो जाएंगे। सांझ ढले ज्यूस, आइस्क्रीम, बर्फ के गोले, गन्ने के रस के ठेलों व दुकानों पर लोग गला तर करते नजर आते हैं। वहीं खीरा ककड़ी, ककड़ी, टमाटर व नींबू की मांग बढ़ गई है।
सज गई दुकाने, दस फीसदी से अधिक बढ़े दाम
बजरिया में इलेक्ट्रॉनिक सामान विक्रेता मंदीप ने बताया कि मार्च महीने में गर्मी पडऩे से कूलर,पंखा व फ्रिज आदि की बिक्री बढ़ी है। प्लास्टिक बॉडी के कूलरों और छोटे फ्रिजों की मांग ज्यादा है। पिछले सालों की अपेक्षा इस बार अभी से तेज गर्मी पडऩे से पंखे, कूलर व एसी के दाम भी बढ़े है। इनमें 10 से 20 फीसदी तक दाम बढ़े है। पिछले साल की अपेक्षा कूलर पर 500 रुपए, पंखे पर 130 रुपए बढ़े है।
शुरू होने लगी सार-संभाल
तापमान बढऩे व गर्मी के तीखे होजे जा रहे तेवर से घरों में पंखों व कूलरों की साफ-सफाई व मरम्मत भी शुरू हो गई है। ऐसे में कूलर-पंखे को ठीक करने वाले का भी धंधा परवान चढऩे लगा है।