चौथ का बरवाड़ा
कंजर समाज पर जातिसूचक शब्दों के साथ गलत टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने लोक कलाकार मनराज दीवाना को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई बुधवार रात को सीकर में एक कार्यक्रम के दौरान जब यह परफॉर्मेंस दे रहा था। तब की। आरोपी मनराज दीवाना को गिरफ्तार कर पुलिस उपाधीक्षक ग्रामीण के समक्ष पेश किया गया है। जहां मामले की ओर जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी टीनू सोगरवाल ने बताया कि कुछ दिनों पहले अपने कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोक कलाकार मनराज दीवाना ने कंजर समाज को लेकर गलत टिप्पणी कर दी थी। जिसके बाद लगातार समाज की ओर से विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था तथा चौथ का बरवाड़ा थाने में भी आरोपी गायक कलाकार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। थाना प्रभारी ने बताया कि पिछले कई दिनों से पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। इसके लिए पुलिस ने कई टीमों का गठन भी किया था। बुधवार रात को सीकर में अपने कार्यक्रम में परफॉर्मेंस देते हुए गायक कलाकार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला एसटीएससी का होने के कारण इसकी जांच पुलिस उपाधीक्षक अनिल डोरिया कर रहे हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी मनराज दीवाना के खिलाफ मारपीट के साथ अन्य और भी मामले चौथ का बरवाड़ा पुलिस थाने में दर्ज है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
कंजर समाज ने जताया था विरोध
मनराज की टिप्पणी पर कंजर समाज में काफी रोष थाऔर समाज की ओर से इसका विरोध करते हुए लगातार मनराज के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की जा रही थी। ऐसे मेंअब पुलिस की ओर से मनराज को गिरफ्तार किया गया है।