सवाईमाधोपुर. बजरिया स्थित पुराने ट्रक यूनियन के समीप रविवार देर रात करीब तीन बजे आईडीबीआई बैंक के एटीएम को तोडकऱ सेंधमारी करते मानटाउन थाना पुलिस ने एक संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार किया है। एएसपी हिमांशु शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सोमपाल पुत्र सतपाल निवासी अब्दुलागंज उज्जैनी बदायु यूपी है। पुलिस ने आरोपी को गंगापुरसिटी न्यायालय में पेश किया जहां उसे मजिस्ट्रेट ने जेल भेज दिया।
बैट्री निकाल काट दिए तार तो बजा अलर्ट
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने एटीएम के अंदर घुसकर टूल से औजार लेकर एटीएम की बैट्री उखाड़ दी। साथ ही सभी तार काट दिए। इस इस दौरान एटीएम का मुम्बई में अलर्ट बजा। इस पर मुम्बई से पुलिस नियंत्रण कक्ष को घटना की सूचना दी। इस पर मौके पर पहुंची मानटाउन थाना व चेतक पुलिस दल ने आरोपी को समय रहते दबोच लिया। इससे बड़ी वारदात होते बच गई।
परिजनों ने बताया विक्षिप्त
पुलिस ने बताया कि आरोपी विक्षिप्त है। ऐसे में उसके परिजनों से घटना के बारे में बताया कि उन्होंने पुलिस से कहा कि वह मानसिक रोगी है। उसका इलाज चल रहा है। आरोपी ने थाने में पूरे कपड़े उतार दिए। जगह-जगह गदंगी फैला दी। ऐसे में पुलिस अब उसका संबंधित गृह थाने से आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाने में लगी है।
स्वास्थ्य परीक्षण में आया सामान्य
एएसपी शर्मा ने बताया कि आरोपी का जिला अस्पताल में चिकित्सा टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसमें आरोपी सामान्य पाया गया है। ऐसे में परिजनों को आरोपी की मानसिक रोगी होन से संबंधित दस्तावेज लेकर आने को कहा है। इसके बाद पुन: चिकित्सकीय जांच में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिसकर्मियों को दिया छह हजार का अवार्ड
इस पर भरतपुर पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस गश्ती दल के एएसआई दशरत सिंह व उनकी टीम को पांच हजार रुपए का नकद पुरस्कार से नवाजा है। वहीं एसपी सुनील कुमार विश्नोई की ओर से भी पुलिस टीम को एक हजार रुपए का नगद पुरस्कार दिया गया है।
इनका कहना है..
बजरिया में आईडीबीआई के एटीएम में सेंधमारी करते एक संदिग्ध आरोपी को पकड़ा है। उसे न्यायालय ने जेल भेज दिया है। प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रहे है।
हिमांशु शर्मा,
एएसपी सवाईमाधोपुर।
सवाईमाधोपुर बजरिया में पुराने ट्रक यूनियन के समीप स्थित एटीएम जिसमें सेंधमारी के प्रयास किए गए।