सवाईमाधोपुर. नगर परिषद की ओर से गुरुवार को बजरिया स्थितसब्जी मण्डी में अवैध अतिक्रमण करने वाले सब्जी व फल विके्रताओं के चालान काटे और जुर्माना वसूला। नगर परिषद की टीम देर शाम करीब सात बजे पुलिस जाप्ता के साथ सब्जी मण्डी पहुंची और सब्जी मण्डी में सड़क पर खड़े ठेलों को हटाना शुरू किया और साथ ही परिषद की ओर से सब्जी व फल विके्रताओं के चालान काटे।
परिषद की कार्रवाई से मचा हड़कंप
नगर परिषद की टीम जैसे ही पुलिस जाप्ते के साथ सब्जी मण्डी पहुंची तो पुलिस जाप्ता व नगर परिषद की टीम को देखकर सब्जी व फल विके्रताओं में हड़कंप मच गया। और सब्जी व फल विके्रता अपने ठेले लेकर मण्डी से जाने लगे। वहीं कुछ विके्रताओं ने चालान की कार्रवाई से बचने के लिए सब्जी मण्डी के अंदर तक अपने ठेले ले जाकर खड़े हो गए।
हर बार यही हालात
जिला प्रशासन व नगर परिषद की ओर से पूर्व में भी कई बार सब्जी मण्डी से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाती है लेकिन कुछ घंटों के बाद फिर से स्थिति पुरानी जैसीही हो जाती है। ऐसे में जिला प्रशासन व नगर परिषद की ओर से की जाने वाली कार्रवाई हर बार महज खानापूर्ति ही प्रतीत होती है।
बार-बार बनती है जाम की स्थिति
बजरिया स्थित सब्जी मण्डी में मुख्य सड़क पर सब्जी व फल के ठेले लगने और लोगों द्वारा सड़क पर ही बेतरतीब तरीके से दुपहिया और चौपहिया वाहनों को खड़ा कर देने से सब्जी मण्डी में बार-बार जाम की स्थितिबन जाती है कई बार तो वाहन चालकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है ऐसे में वाहन चालकों व राहगीरों को परेशानी होती है।