सवाईमाधोपुर. लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चाएं जोरों पर है। राजनीतिक दलों के प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्रों में प्रचार में जुटे हैं तो मतदाता भी अपनी उम्मीदों को लेकर रायशुमारी में जुटे हुए हैं। पत्रिका टीम ने गुरुवार को खैरदा स्थित शास्त्री नगर में लोगो से चुनावी परिचर्चा की। इस दौरान लोगों क्षेत्र की समस्याओं को लेकर खुलकर अपनी प्रतिक्रयाएं दी। शहरवासियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य और सडक़,सफाई के मुद्दे पर खुलकर अपनी राय बताई। लोगों का कहना था कि जिले का विकास अब भी कोसों दूर है। पेश है लोगों से परिचर्चा के कुछ अंश…।
चुनाव को लेकर लोगों की जुबानी…
जिले में कानून व्यवस्था हो प्रभावी
जिले में सुरक्षा, बिजली, पानी, सडक़ आदि समस्याएं प्रमुख है। विशेषकर सुरक्षा की दृष्टि से जिला अब तक बेहद कमजोर रहा है। पुलिस की उचित मॉनिटरिंग नहीं होने से अपराधिक गतिविधियां बढ़ रही है। कानून व्यवस्था के हालात खराब हो रहे हैं। ऐसे में जीतने वाले प्रत्याशियों की पहली प्राथमिकता जिले में कानून व्यवस्थाओं पर अंकुश होना चाहिए।
पं.ताराचंद शास्त्री, समाजसेवी, शास्त्री नगर
शहर की सडक़ों के सुधरे हालात
शहर की सडक़ें वर्षो से खस्ताहाल है। इससे आमजन ही नहीं बल्कि बाहर से आने वाले लोग भी परेशान है। बनने के बाद भी खस्ताहाल व क्षतिग्रस्त सडक़ों में सुधार नहीं हुआ है। विभाग भी सिर्फ सडक़ों पर पेचवर्क करवाकर इतिश्री कर लेता है। कॉलोनियों में सडक़ क्षतिग्रस्त है। इससे दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है।
सतीश कुमार, नागरिक, सवाईमाधोपुर
चुनाव आते ही आती है जनता की याद
चुनाव आते ही प्रत्याशियों को जनता की याद आती है। पूर्व सांसद ने जिले में ऐसा कोई काम नहीं किया है, जो वो जनता के बीच आकर बता सकें। आज भी उच्च शिक्षा के लिए विद्यार्थी शहर से बाहर जाने को मजबूर है। इस बार काफी सोच-समझकर अपने बहुमूल्य वोट का उपयोग करूंगा।
सतीश कुमार, नागरिक, सवाईमाधोपुर
महंगाई से परेशान है आमजन
इस बार के लोकसभा चुनाव में स्वच्छ व ईमानदार प्रत्याशियों को अपना मत दूंगी। रोजमर्रा की सामग्री के भाव आसमान छू रहे हैं। इससे आम जनता की जेब में सीधा असर पड़ता है। बढ़ रही महंगाई को कम करने के प्रयास होने चाहिए, ताकि मध्यमवर्गीय लोगों व गृहणियों को राहत मिले।
अनुसूइयां देवी, गृहणी, सवाईमाधोपुर
जल्द मिले मेडिकल कॉलेज की सुविधा
जिला मुख्यालय पर लंबे समय से ठींगला में मेडिकल कॉलेज का निर्माण चल रहा है लेकिन उच्च स्तर पर उचित मॉटिरिंग नहीं होने से विद्यार्थियों का मेडिकल कॉलेज में पढऩे का सपना अधूरा है। हर बार छात्र-छात्राएं मेडिकल कॉलेज में दाखिले का सपना देखते है लेकिन कार्य अधूरा होने से उम्मीदे टूट रही है। मेडिकल कॉलेज को लेकर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अलावा जनप्रतिनिधि भी कोई ध्यान नहीं दे रहे है। ऐसे में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य शीघ्र होना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को परेशानी नहीं हो।
प्रियांशी गौतम,छात्रा, सवाईमाधोपुर
सोच-समझकर दूंगी वोट
लोकसभा चुनाव में सोच-समझकर अपने मत का प्रयोग करूंगी। 26 अप्रेल को होने वाले मतदान के लिए अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित करूंगी। क्षेत्र के विकास पर ध्यान देने वाले प्रत्याशी को वोट देने की पहली प्राथमिता रहेगी। जिले में रोजगार व उच्च शिक्षा सबसे बड़ी समस्या है।
निशा, छात्रा, सवाईमाधोपुर
रोजगार पर हो ज्यादा फोकस
सरकार युवाओं को नौकरी देने की घोषणा कर देती है लेकिन भर्ती निकालने में समय निकाल देती है। समय पर युवाओं को रोजगार मिलना चाहिए। इससे बेरोजगारी कम होगी। सरकार को मुफ्त की योजनाओं की जगह रोजगार के अवसर पैदा करने पर फोकस करना चाहिए।
प्रकाश जोशी, नागरिक, सवाईमाधोपुर
जनता के मुद््दे पर दे ध्यान
चुनावों में राजनीति नहीं, जनता के मुद्दे होने चाहिए। लोकसभा चुनाव में जो भी प्रत्याशी आए उनकी प्राथमिकता जनता की समस्याओं पर होनी चाहिए। पार्टी कोई भी हो, अपने घोषणा पत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य के साथ यूथ, किसान, गरीब की जरूरते पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।
चन्द्रकांत, नागरिक, शास्त्री नगर
क्षेत्र के विकास पर नहीं दिया ध्यान
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सडक़ें जर्जर है, सडक़ों के निर्माण में खास ध्यान नहीं दिया। इस बार विकास कराने वाले सांसद को ही मतदान करेंगे। अब तक जितने भी सांसद आए हैं किसी ने कोई विकास कार्य नहीं कराए। सांसद ऐसा हो जो क्षेत्र में रहे और क्षेत्रीय लोगों के लिए काम करे। इस बार के मतदान से पहले ऐसे ही प्रत्याशी को देखा जाएगा जो सबका हितैषी हो।
दामोदार शर्मा, नागरिक, सवाईमाधोपुर
मतदान हमारा नैतिक कत्र्तव्य
लोकसभा चुनाव को लेकर पत्रिका की ओर से चलाया जा रहा कार्यक्रम सराहनीय है। मतदान हमारा नैतिक कत्र्तव्य है। ऐसे में इसमे अधिक से अधिक लोगों को अपने मत का उपयोग करना चाहिए। मतदान के लिए दूसरे लोगों को भी प्रेरित करूंगा।
रमेश बैरवा, नागरिक, सवाईमाधोपुर