राम बाजार में रुका साइकिलिस्ट, देश की मिट्टी बचाने का संदेश देने के लिए कर रहे यात्रा
सेंधवा. उत्तरप्रदेश के ललितपुर का एक नौजवान देश के किसानों सहित आम लोगों को मिट्टी बचाने का संदेश दे रहा है. मिट्टी के अंदर पोषक तत्वों को बचाने और रासायनिक खाद का उपयोग कम से कम करने का संदेश देने के लिए यह युवा हजारों किमी की साइकिल यात्रा पर निकला है। उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले से निकला युवक मोहित निरंजन साइकिल चलाकर कोयंबटूर जा रहा है। इशा फाउंडेशन के मिट्टी बचाओ अभियान से प्रेरित युवा साइकिलिस्ट मोहित राम बाजार में विजय पालीवाल के निवास पर रुके।
मोहित ने बताया कि रासायनिक खादों से बीमार हो चुकी मिट्टी को बचाने के लिए मैं यात्रा पर निकला हूं। मोहित इशा फाउंडेशन ऑल इंडिया ईशा योगा सेंटर से प्रेरित होकर भारत यात्रा पर निकले हैं। वे प्रतिदिन करीब 60 किमी साइकिल चलाते हैं। अभी तक 1200 किमी का सफर तय कर लिया है। वे साइकिल से 30 हजार किमी का सफर करेंगे.
केंद्र और राज्य सरकारों को बनाना चाहिए नियम
मोहित ने बताया कि मिट्टी बचाओ अहम अभियान है। देश के लाखों किसानों के खेतों की मिट्टी उर्वरक डालने से खराब होती जा रही है जिसे बचाना बेहद गंभीर चुनौती है। इसके तहत साइकिल पर लोगों को जागरूक करने निकला हूं। हमारा उद्देश्य है कि केंद्र और राज्य सरकार अपने क्षेत्रों में नियम बनाए, जिससे कम से कम उर्वरक का उपयोग किया जा सके। यदि मिट्टी से पोषक तत्व खत्म हो गए तो खेती पर असर होगा। देश के लाखों करोड़ों लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर होगा। इसलिए कम से कम उर्वरकों का उपयोग करना लोगों के हित में है।
मुख्यमंत्री शिवराज कर चुके हैं प्रशंसा
मोहित द्वारा कुछ अलग करने और समाज को महत्वपूर्ण संदेश देने के लिए हजारों किमी की यात्रा साइकिल से शुरू की गई। परिवार का साथ भी मिला। अब वह जहां भी जाते हैं, अपने अभियान के उद्देश्य की चर्चा करते हैं। कुछ दिन पहले साइकिल यात्रा भोपाल पहुंची तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मिट्टी के पोषक तत्वों को बचाना बेहद जरूरी बताकर मोहित का उत्साहवर्धन किया था।