- संघ लोक सेवा आयोग संयुक्त भू-वैज्ञानिक परीक्षा-2022 किया उत्तीर्ण- जिलेभर में खुशी की लहर
सिवनी. संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) संयुक्त भू-वैज्ञानिक परीक्षा-2022 उत्तीर्ण कर कलारबाकी के किसान राजेंद्र राय के पुत्र आशीष राय भू-वैज्ञानिक बन गए हैं। इसकी जानकारी के बाद से जिलेभर में खुशी की लहर है। आशीष ने अपनी सफलता का श्रेय गुरू व परिजनों को दिया है।
बतौर आशीष के पिता किसान है। मां गृहिणी है। पांच बहन व दो भाइयों में आशीष सबसे छोटे हैं। 10वीं तक की पढ़ाई उन्होंने ग्राम कलारबाकी में की। इसके बाद उत्कृष्ट विद्यालय सिवनी से 12वीं की पढ़ाई किए। स्नातक करने वे इंदौर चले गए। इस दौरान ही उन्होंने भू-वैज्ञानिक बनने की बात सोच ली थी। इसको लक्ष्य बनाकर पढ़ाई शुरू कर दी।
स्नातक के बाद उन्होंने स्नातकोत्तर की पढ़ाई के लिए डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय सागर में दाखिला लिया। इसे पूरा करने के बाद वहीं से रिसर्च शुरू कर दिए।
इस बीच उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) संयुक्त भू-वैज्ञानिक परीक्षा-2022 दिया। बताया कि प्री, मेंस में सफल होने के बाद उनका चयन साक्षात्कार के लिए हुआ था। इसका परिणाम बीते दिवस आया, जिसमें सफलता मिली है। आशीष ने 'पत्रिकाÓ को बताया कि उन्होंने उक्त परीक्षा में देश में 15वां स्थान हासिल किया है। जानकारी दिया कि बीते जनवरी माह में हुए साक्षात्कार के लिए एक पद के विरुद्ध चार के अनुपात में अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। बताया कि देशभर में कुल 99 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं।
कठिन परिश्रम और गलतियों को सुधारने से मिलती हैं सफलता
आशीष ने बताया कि सफलता का एक मात्र रास्ता कठिन परिश्रम हैं। विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए आशीष ने कहा कि सबसे पहले लक्ष्य तय करें। लगातार परीक्षाएं दें।
कभी भी परीक्षा में मिली असफलता से घबराएं नहीं। आप एक बार में सफल हो जाएंगे, ऐसा जरूरी नहीं है। जिन गलतियों के कारण असफलता मिल रही हैं, उनको सुधारें। ऐसा करने के बाद एक दिन आप जरूर सफल होंगे।