
व्यापारियों ने 2 हजार से नीचे लगाया गेहूं का भाव, भडक़े किसानों ने बंद कर दी मंडी
श्योपुर. समर्थन मूल्य के कांटे अभी शुरू नहीं हुए हैं, लिहाजा मंडी में गेहूं की बंपर आवक हो रही है। इसी बीच मंगलवार को व्यापारियों ने भाव गिरा दिए और बोली में 2 हजार रुपए से नीचे भाव लगाए तो किसान भडक़ गए। आक्रोशित किसानों ने न केवल हंगामा कर दिया, बल्कि मंडी गेट भी बंद कर दिए। हालांकि समझाइश के बाद व्यापारी और किसान माने और बोली फिर शुरू हुई, लेकिन विवाद के चलते तीन घंट में दो बार मंडी बंद हुई।
मंगलवार को अन्य दिनों की तरह मंडी शुरू हुई और फसलों की नीलामी प्रक्रिया प्रारंभ हुई। हालांकि शुरुआत में आधा घंटे तक बोली चली, लेकिन अचानक व्यापारियों द्वारा गेहूं का भाव 1800 से 1900 रुपए प्रति क्ंिवटल के आसपास ही कर दिया, जिससे किसान भडक़ गए। किसानों का कहना है कि जब सोमवार को गेहूं 2000 से 2200 रुपए प्रति क्विंटल तक बिक रहा है, फिर एक ही दिन में अचानक भाव कैसे कम हो गए। इसको लेकर किसानों ने हंगामा कर दिया और मंडी के दोनों गेट बंद कर दिए। हालांकि समझाइश के बाद मंडी चालू हुई, लेकिन भाव के विवाद में फिर वहीं स्थिति होने से दो बार मंडी बंद हुई। जिसके चलते लगभग 2 घंटे तक खरीदी कार्य प्रभावित हुआ।
पहुंचे तहसीलदार, समझाइश के बाद शुरू हुई मंडी
किसानों के हंगामा और मंडी के गेट बंद करे की सूचना मंडी सचिव हरिसिंह कंसाना ने एसडीएम लोकेंद्र सरल को दी। जिसके बाद एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार संजय जैन मंडी में पहुंचे। इसके बाद काफी जद्दोजहद और समझाइश के बाद दोपहर बाद फिर से मंडी शुरू हुई, लेकिन कतार में लगे सभी किसानों का गेहूं नहीं बिक पाया।
समर्थन मूल्य के केंद्र शुरू नहीं, मंडी में लग रही कतार
जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी केंद्र अभी तक प्रारंभ नहीं हो पाए हैं। जिसके कारण मजबूरी में किसान मंडी में ही गेहूं लेकर आ रहे हैं, यही वजह है कि मंडी में गेहूं की बंपर आवक हो रही है। सोमवार को ही मंडी में लगभग 500 ट्रॉलियां गेहूं की आई है, वहीं सोमवार को ही 25 हजार क्विंटल गेहूं मंडी में बिका है। ऐसे अब किसानों द्वारा लगातार समर्थन मूल्य के केंद्र शुरू करने की मांग की जा रही है।
गेहूं का भाव कम होने से किसानों और व्यापारियों में विवाद हो गया। किसानों ने मंडी के गेट बंद कर दिए। इसकी सूचना हमने प्रशासन को दी। काफी समझाइश के बाद मामला शांत हुआ और फिर से मंडी शुरू कराई।
एचएस कंसाना, सचिव, कृषि उपज मंडी श्योपुर
Published on:
12 Apr 2022 11:36 pm
बड़ी खबरें
View Allश्योपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
