
दबाव बनाया तब राजस्थान ने बढ़ाया चंबल नहर का पानी
श्योपुर. चंबल के बांधों में पर्याप्त पानी होने के बावजूद इस बार भी राजस्थान द्वारा चंबल नहर में मध्यप्रदेश की डिमांड अनुसार पूरा पानी देने में आनाकानी की जा रही है। यही वजह है कि बीते सवा महीने से चंबल नहर चलने के बाद भी पूरा पानी नहीं मिला तो मप्र के अफसरों ने राजस्थान पर दबाव बनाया, तब जाकर बीते दो दिनों में पानी की मात्रा 3900 क्यूसेक पर पहुंची। अब जलसंसाधन विभाग ने श्योपुर जिले की सभी डिस्ट्रीब्यूटरियों में भी पानी शुरू कर दिया है, ताकि किसान गेहूं की बोवनी के लिए पलेवा और सिंचाई के लिए टेल पोर्सन तक पानी पहुंच सके।
अक्टूबर के पहले सप्ताह में ग्वालियर में हुई दोनों राज्यों के अफसरों की बैठक में चंबल नहरी पानी बंटवारे को लेकर चर्चा हुई। जिसमें मप्र ने 3900 क्यूसेक पानी की डिमांड रखी, हालांकि तत्समय से राजस्थान के अफसरों ने इस पर सहमति जताई, लेकिन गत 16 अक्टूबर से कोटा बैराज से चंबल नहर में पानी डिस्चार्ज शुरू हुआ तो तब से लेकर अभी तक पार्वती एक्वाडेक्ट (राजस्थान-मप्र की सीमा) पर दो दिन पहले तक मप्र को 3 हजार क्यूसेक के आसपास ही पानी मिल रहा था। जिसके चलते श्योपुर सहित मुरैना और भिंड जिले में डिस्ट्रीब्यूटरियों में टेल पोर्सन तक पानी नहीं पहुंच रहा था।
यही वजह है कि जलसंसाधन विभाग के मुख्य अभियंता एसडी श्रीवास्तव सहित अन्य अफसरों ने कोटा के अफसरों से बात की और दबाव बनाया। चंबल नहर में पानी की मात्रा डिमांड अनुसार 3900 क्यूसेक पर पहुंच गई है। बताया गया है कि क्षेत्र में सिंचाई के लिए राजस्थान की सीमा में चंबल नहर में कई जगह क्लोजर लगाए हुए थे, जिससे पार्वती एक्वाडेक्ट पर 3 हजार क्यूसेक के आसपास ही पानी आ पा रहा था।
जिले मेंं सभी शाखाओं में शुरू किया पानी
राजस्थान से चंबल मुख्य नहर में पानी बढ़ाए जाने के बाद जब जिले की सीमा में पर्याप्त पानी मिलने लगा तो अब जलसंसाधन विभाग ने जिले में सभी नहरी शाखाओं को खोल दिया है। जिले की सभी 26 नहर डिस्ट्रीब्यूटरियों में पानी छोड़ा रहा है। हालांकि अभी कई क्षेत्रों में टेल पोर्सन पर पानी नहीं पहुंचा है।
चंबल नहर में अभी तक राजस्थान से पानी कम मिल रहा था, लेकिन अधिकारियों ने राजस्थान के अधिकारियों से बात करने के बाद अब बीते दो दिनों से पानी की मात्रा मांग अनुसार 3900 क्यूसेक हो गई है।
सुभाष गुप्ता, कार्यपालन यंत्री, जलसंसाधन विभाग श्योपुर
Published on:
28 Nov 2019 08:00 am
बड़ी खबरें
View Allश्योपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
