
सालासर (चूरू). लेह में शहीद हुए राजस्थान के चूरू जिले के गांव बामणिया के मदनलाल नेहरा का सोमवार को सेना व राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। मदनलाल के आठ वर्षीय बेटे अरुण ने जब पिता को मुखाग्नि दी तो सभी की आंखें भर आई। मदन के असमय निधन पर परिवार व गांव को गहरा दुख है लेकिन देश के लिए कुर्बानी देने पर गर्व भी है। अंतिम यात्रा में आक्रोशित गांव के युवाओं ने पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।
अंतिम यात्रा में युवाओं ने भारत माता की जय, शहीद मदनलाल अमर रहे के नारे लगाएं। शहीद मदनलाल को सेना के जवानों की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। वहीं पत्नी, बहन व शहीद की मां रो-रोकर बेसुध हो गई। सेना के जवानों ने शहीद के पुत्र व भाई को तिरंगा झंडा भेंट किया।
खाई में ट्रक पलटने से हुआ शहीद
भारतीय सेना में कार्यरत सिपाही मदनलाल नेहरा 31 मार्च को लेह लद्दाख में सैनिकों के लिए सेना के ट्रक में राशन सामग्री लेकर जा रहा था। लेकिन ट्रक खाई में पलट गया जिससे उनकी मौत हो गई। मदनलाल के बड़े भाई जीवन नेहरा ने कहा कि उसे गर्व है कि उसका भाई देश के लिए शहीद हुआ। उसने बताया कि मदनलाल का पुत्र अरुण कक्षा तीन व पुत्री माया कक्षा सात में पढ़ती है। शहीद के सहपाठी सुरेन्द्र झूरिया ने बताया कि मदन युवाओं को हमेशा शिक्षा के प्रति व सेना में जाने के लिए प्रेरित करता था। मदनलाल एनसीसी का विद्यार्थी था।
हजारों लोगों ने शहीद को दी श्रदांजलि
शहीद मदनलाल को श्रदांजलि देने सुजानगढ़, रतनगढ़ क्षेत्र सहित आस-पास के गांवों के लोग बामणिया गांव पहुंचे।शहीद मदनलाल की अंतिम यात्रा में हिस्सा लेकर उन्हें श्रदांजलि दी।शहीद की पत्नी सुमन, पुत्र अरुण व पुत्री माया है। शहीद के पिता भानाराम किसान व मां मोहनी देवी गृहणी है।
इन्होंने दी श्रद्धांजलि
देवस्थान मंत्री राजकुमार रिणवा, विधानसभा नेता प्रतिपक्ष रामेश्वरलाल डूडी, सुजानगढ़ विधायक खेमाराम मेघवाल, जिला कलक्टर ललित गुप्ता, एसपी राहुल बारहट, कांग्रेस जिला अध्यक्ष भंवरलाल पुजारी, सुजानगढ़ प्रधान गणेश ढाका, उपखंड अधिकारी दीनदयाल बाकोलिया, तहसीलदार सुशील कुमार सैनी, उप प्रधान दीवान सिंह भानीसरिया, कांग्रेस नेता पूसाराम गोदारा, रमेश इंदौरिया, सुरेन्द्र झुरिया, शोभासर सरपंच सुरेन्द्र राव, मलसीसर सरपंच सांवरमल राजपुरोहित, जितेन्द्र सिंह, मालासी सरपंच राजपाल कुल्हरि, बनवारी लाल कुल्हरि, नायब तहसीलदार श्रवण कुमार दहिया, पटवारी सरोज बाजिया, शंकरलाल प्रजापत, महावीर, गुमान सिंह, इमरान खान, तिलोक जाखड़ व सैनिक कल्याण बोर्ड के अधिकारी व अन्य जनप्रतिनिधि और हजारों की तादाद में ग्रामीणों शहीद की अंतिम यात्रा में शामिल हुए और नम आंखों से विदाई दी।
केंद्र सरकार को कोसा
नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी ने शहीद मदनलाल को श्रदांजलि देते हुए कहा कि राष्ट्र की सेवा में मदनलाल शहीद हुआ है। लेकिन 56 इंच का सीना रखने वाले प्रधानमंत्री आज कहां हैं। शहीद मदनलाल को श्रद्धांजलि देने आए देवस्थान मंत्री रिणवा ने कहा कि मदनलाल देश के लिए शहीद हुआ है।
मदनलाल का नाम हमेशा अमर रहेगा। वंही उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य की बात है कि पाकिस्तान व चीन हमारा दुश्मन बना हुआ है। भारतीय सेना के तीन जवानों ने जम्मू कश्मीर में 11 आतंकियों को ढेर किया है।
उन्होंने कहा की दुख की बात यह भी है कि हमारे देश में भी नक्सलवाद के रूप में आतंकवाद पनप रहा है यह राष्ट्र विद्रोही है। देश में प्रतिदिन सेना के जवान मारे जा रहे हैं। डूडी ने कहा कि बीकानेर का एक लाल भी आंतकियों से मुठभेड़ में शहीद हो गया है। प्रधानमंत्री सैनिकों की सहादत को रोकने में विफल साबित हो रहे हैं।
Published on:
03 Apr 2018 12:22 pm

बड़ी खबरें
View Allसीकर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
