1 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Khatu Shyam Ji Falgun Fair: जयपुर से हर 15 मिनट में चलेंगी रोडवेज बस, रींगस-खाटूधाम के बीच दौड़ेंगी 50 शटल बस

khatu shyam ji fair 2026: विश्व प्रसिद्ध खाटूश्यामजी के फाल्गुनी मेला को लेकर रोडवेज ने तैयारियां शुरू कर दी है।

2 min read
Google source verification

सीकर

image

Anil Prajapat

Feb 01, 2026

khatu shyam ji fair

खाटूश्यामजी मेले को लेकर राजस्थान रोडवेज ने शुरू की तैयारी। फोटो: पत्रिका

सीकर। विश्व प्रसिद्ध खाटूश्यामजी के फाल्गुनी मेला को लेकर रोडवेज ने तैयारियां शुरू कर दी है। मेले के दौरान करीब साढ़े तीन सौ बसों के संचालन की योजना बनाई गई है। रोडवेज की ओर से रींगस से खाटू के बीच 50 शटल बसें लगातार चलेंगी।मेले के दौरान सीकर सहित रोडवेज के अलग-अलग डिपो से साढ़े तीन सौ बसों का संचालन किया जाएगा। यह संचालन 21 से 28 फरवरी तक चलेगा।

जयपुर से खाटू के लिए हर 15 मिनट में बस उपलब्ध रहेगी। जयपुर और दिल्ली में रोडवेज कर्मियों की तैनाती कर टिकटिंग और संचालन को सुचारु बनाया जाएगा। रोडवेज मेले के दौरान कर्मचारियों की ओर से खाटू में धर्मशालाओं में जाकर शेखावाटी दर्शनों के लिए बसों की बुकिंग तथा ऑनलाइन रिजर्वेशन की सुविधा दी जाएगी।

मेले को लेकर खाटू में अस्थाई बस स्टैंड बनाया जाएगा। जहां अलग-अलग रूटवार तीन बुकिंग विंडो लगाई जाएगी। रोडवेज ने मेले के लिए बसों की मेंटीनेंस भी करवानी भी शुरू कर दी है। रोडवेज की ओर से खाटूश्यामजी जाने वाले मार्ग पर अतिरिक्त चैकपोस्ट लगाई जाएगी।

यात्रियों को मिलेगी जाम से राहत

मेले के दौरान निजी वाहनों की संख्या बढ़ने से हर साल जाम की समस्या बनती है। मेले में निजी वाहन चालकों की ओर से मनमाना किराया वसूलने की शिकायतें आम रहती हैं। रोडवेज की शटल बसें और अतिरिक्त सेवाएं चलने से सड़क पर निजी वाहनों का दबाव घटेगा। रोडवेज बसों से सरकारी तय किराये पर यात्रा संभव होगी। शटल बस सेवा शुरू होने से श्रद्धालु बिना रुके सीधे मंदिर तक पहुंच सकेंगे। परिवार और बुजुर्ग यात्रियों के लिए सुरक्षित यात्रा का लाभ मिलेगा।

जयपुर और दिल्ली से सीधी बस

मेले को लेकर रोडवेज ने प्रारंभिक तौर पर प्लान तैयार कर लिया है। प्लान के अनुसार मेले के दौरान जयपुर में सिंधी कैम्प और रेलवे स्टेशन पर और दिल्ली में सराय रोहिल्ला पर रोडवेज के कार्मिक की ड्यूटी रहेगी। ये कार्मिक वहां से खाटू जाने वाले यात्रियों के लिए बस के बारे में जानकारी देने के साथ यात्री को बस के बारे में पूरी तरह बताएंगे। मेले के दौरान जयपुर से खाटूश्यामजी के बीच प्रत्येक पन्द्रह मिनट से बस सेवा दी जाएगी।

इनका कहना

रोडवेज की ओर से खाटूश्यामजी मेले के लिए प्रांरभिक तौर पर रूट प्लान तैयार कर लिया है। मेले में रोडवेज की ओर से करीब साढ़े तीन सौ बस और खाटू से रींगस के बीच शटल चलाने की योजना है। प्लान को लेकर सोमवार को जिला प्रशासन के साथ चर्चा की जाएगी।
-दीपक कुमावत, मुख्य प्रबंधक सीकर डिपो

Story Loader