
धर्मशाला में पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान शॉट खेलते मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा। (फोटो: आईएएनएस)
MI vs PBKS IPL 2026 Highlights: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) के रोमांचक मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की है। एचपीसीए स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में तिलक वर्मा ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 75 रन बनाए और टीम को आखिरी ओवर में जीत दिलाई। इस हार के साथ पंजाब किंग्स को लगातार पांचवीं शिकस्त झेलनी पड़ी।
हालांकि पंजाब किंग्स अभी भी 13 अंकों के साथ अंक तालिका में चौथे स्थान पर बनी हुई है। दूसरी ओर मुंबई इंडियंस ने इस सीजन अपनी चौथी जीत दर्ज की, लेकिन टीम पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 200 रन बनाए। टीम को प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 33 गेंदों में 50 रन जोड़े।
प्रियांश आर्य 22 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन प्रभसिमरन सिंह ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने कूपर कोनोली के साथ दूसरे विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी की। प्रभसिमरन ने 32 गेंदों में 57 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।
हालांकि इसके बाद पंजाब की पारी लड़खड़ा गई और टीम ने 140 रन तक पहुंचते-पहुंचते 7 विकेट गंवा दिए। आखिर में अजमतुल्लाह ओमरजाई ने 17 गेंदों में 38 रन की तेज पारी खेलकर टीम को 200 रन तक पहुंचाया। विष्णु विनोद 15 रन और जैवियर बार्टलेट 18 रन बनाकर नाबाद लौटे।
मुंबई इंडियंस की ओर से शार्दुल ठाकुर ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। दीपक चाहर को 2 विकेट मिले, जबकि कॉर्बिन बॉश और राज बावा ने 1-1 विकेट हासिल किया।
201 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को रयान रिकेल्टन और रोहित शर्मा ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 61 रन जोड़े।
रिकेल्टन 48 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रोहित शर्मा 25 रन ही बना सके। नमन धीर भी 9 रन बनाकर पवेलियन लौट गए और मुंबई ने 88 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे।
इसके बाद तिलक वर्मा ने पारी को संभाला और शेरफेन रदरफोर्ड के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी की। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 61 रन जोड़े। रदरफोर्ड 20 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन तिलक अंत तक डटे रहे।
तिलक वर्मा ने विल जैक्स के साथ मिलकर आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाए और टीम को 19.5 ओवर में जीत दिला दी। विल जैक्स 10 गेंदों में 25 रन बनाकर नाबाद रहे।
तिलक वर्मा ने 33 गेंदों में नाबाद 75 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। उनकी इस पारी में 6 चौके और 6 छक्के शामिल रहे।
पंजाब किंग्स के गेंदबाज 200 रन का बचाव नहीं कर सके। अजमतुल्लाह ओमरजाई ने 2 विकेट लिए, जबकि मार्को जानसेन और युजवेंद्र चहल को 1-1 सफलता मिली। लेकिन डेथ ओवरों में पंजाब के गेंदबाज मुंबई के बल्लेबाजों को रोकने में नाकाम रहे।
Published on:
15 May 2026 12:05 am
बड़ी खबरें
View Allखेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
