
मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और शार्दुल ठाकुर (Photo - IANS)
Punjab Kings vs Mumbai Indians, IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 58वां मुकाबला पंजाब किंग्स (PBKS) और पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस (MI) के बीच खेला जा रहा है। धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में मुंबई इंडियंस की कप्तानी जसप्रीत बुमराह कर रहे हैं। इसी के साथ एमआई आईपीएल इतिहास की ऐसी पहली टीम बन गई है, जिसके लिए एक ही सीजन में 3 भारतीय खिलाड़ियों ने कप्तानी की है।
इस मैच में नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या और कार्यवाहक कप्तान सूर्यकुमार यादव, दोनों ही उपलब्ध नहीं हैं। हार्दिक और सूर्यकुमार अलग-अलग कारणों से धर्मशाला में आयोजित इस मैच में नहीं खेल रहे हैं। हार्दिक अभी भी पीठ की ऐंठन से उबर रहे हैं, हालांकि उन्होंने रिलायंस कॉर्पोरेट पार्क में प्रैक्टिस की थी। वहीं, सूर्यकुमार अपने परिवार के साथ हैं, खासकर अपनी बेटी रिद्धिमा के साथ, जिनका जन्म अभी एक हफ्ता पहले ही हुआ है।
ऐसे में बुमराह को पंजाब किंग्स के विरुद्ध कार्यवाहक कप्तान नियुक्त किया गया है। इसी के साथ बुमराह सर्वाधिक आईपीएल मैच खेलने के बाद कप्तानी संभालने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। इस लिस्ट में रवींद्र जडेजा शीर्ष पर हैं, जिन्होंने 200 मुकाबलों के बाद पहली बार आईपीएल मैच में कमान संभाली थी।
इस लिस्ट में मनीष पांडे तीसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने 153 मुकाबलों के बाद पहली बार कप्तानी की थी। वहीं, अक्षर पटेल (148) और कीरोन पोलार्ड (137) लिस्ट में चौथे और पांचवें स्थान पर हैं। सूर्यकुमार यादव ने 126 मुकाबलों के बाद पहली बार आईपीएल मैच में कप्तानी का अनुभव हासिल किया था।
जसप्रीत बुमराह ने साल 2013 में पहली बार मुंबई इंडियंस की तरफ से आईपीएल मैच खेला था। तब से लेकर आज तक बुमराह इसी टीम का हिस्सा रहे हैं, जिन्होंने 156 मुकाबलों में 186 विकेट निकाले हैं। हालांकि, आईपीएल 2026 बुमराह के लिए अब तक काफी चुनौतीपूर्ण रहा है; उन्होंने 11 मैचों में सिर्फ 3 विकेट लिए हैं, जिसमें आठ मैच ऐसे रहे जिनमें उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।
इस मैच में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। टॉस जीतने के बाद बुमराह ने कहा, "हमने पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। हम जितना हो सके, उतना अच्छा करना चाहते हैं। हमारे पास अभी तीन मैच बाकी हैं और हम उनका मज़ा लेना चाहते हैं। शायद कुछ टीमों को थोड़ी मुश्किल में डालना चाहते हैं। निजी कारणों से सूर्या यहां नहीं हैं और अल्लाह भी टीम में नहीं हैं।"
Updated on:
14 May 2026 08:28 pm
Published on:
14 May 2026 08:19 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
IPL 2026
