लोकसभा चुनाव में राजस्थान में कांग्रेस के प्रदर्शन के सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का दावा है कि यहां कांग्रेस डबल डिजिट में सीटें जीत रही है। उनका कहना है कि वे खुद प्रदेश की 22 सीटों पर गए हैं और उन्हें यकीन है कि कांग्रेस दो अंकों में सीट लाएगी। कांग्रेस को डबल डिजिट में सीटें मिलने के पीछे अशोक गहलोत का तर्क है कि पार्टी को 3 चीजों का फायदा मिल रहा है। पहली गहलोत सरकार की योजनाएं, दूसरी रिमोट कंट्रोल सरकार और तीसरी मोदी व भाजपा नेताओं ने विधानसभा चुनाव में इतने झूठ बोले लेकिन अब सच सामने आ रहा है।
अशोक गहलोत का कहना है कि देश की जनता का कॉमन सेन्स बहुत अच्छा है और इस बार 400 पार की बात करने वाली एनडीए सरकार सत्ता से बाहर हो जाए, तो भी कोई आश्चर्य नहीं होना चाहिए। जनता सब कुछ समझ गई है। राजस्थान में हमें बड़ी जीत मिलेगी और देश में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन को पक्ष में माहौल बन रहा है।
अशोक गहलोत ने कहा कि जनता के मूड का पता नहीं लगता कई बार। इंदिरा जी चुनाव हार गई थीं। अटल बिहारी वाजपेयी का फील गुड और इंडिया शाइनिंग काम ही नहीं आया, किसी को पता नहीं था हार जाएंगे। जनता कब किसको झटका दे देगी। पता नहीं चलेगा। इसलिए घमंड नहीं करना चाहिए। मुद्दा आधारित राजनीति करनी चाहिए।