scriptराजस्थान में पहले चरण की 11 सीटों पर सीधा मुकाबला, एक पर त्रिकोणीय संघर्ष, पढें पूरी डिटेल | Lok Sabha Elections 2024 : Direct contest on 11 seats in the first phase in Rajasthan | Patrika News
जयपुर

राजस्थान में पहले चरण की 11 सीटों पर सीधा मुकाबला, एक पर त्रिकोणीय संघर्ष, पढें पूरी डिटेल

Lok Sabha Elections 2024 : जयपुर। राजस्थान में लोकसभा चुनाव को लेकर बिसात बिछ चुकी है। 12 में से 11 लोकसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों का कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के दो उम्मीदवारों से सीधा मुकाबला है।

जयपुरMar 28, 2024 / 12:59 pm

Anil Prajapat

rajasthan_lok_sabha_election_2024.jpg

Lok Sabha Elections 2024 : जयपुर। राजस्थान में लोकसभा चुनाव को लेकर बिसात बिछ चुकी है। प्रदेश में पहले चरण की 12 सीटों पर नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई। 12 में से 11 लोकसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों का कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के दो उम्मीदवारों से सीधा मुकाबला है। लेकिन, दौसा लोकसभा सीट पर कांग्रेस को झटका लगा है। यहां कांग्रेस में हाल ही शामिल हुए नरेश मीणा ने टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय नामांकन दाखिल कर दिया है। ऐसे में दौसा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा।

 


अलवर लोकसभा : भाजपा के भूपेन्द्र यादव को प्रत्याशी बनाया है तो कांग्रेस के ललित यादव को उम्मीदवार बनाया है। दोनों के बीच सीधा मुकाबला है। हालांकि बहुजन समाजपार्टी ने फजल हुसैन को मैदान में उतारा है।

सीकर लोकसभा : भाजपा ने सुमेधानंद सरस्वती को तीसरी बार उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस ने यह सीट गठबंधन में माकपा के लिए छोड़ी है। माकपा ने यहां से पूर्व विधायक अमराराम को उम्मीदवार बनाया है। दोनों उम्मीदवारों के बीच यहां सीधा मुकाबला है।


चूरू लोकसभा : भाजपा ने पैरा ओलम्पिक खिलाड़ी देवेन्द्र झाझड़िया को नए चेहरे के रूप में मैदान में उतारा है। तो कांग्रेस ने राहुल कस्वा को उम्मीदवार बनाया है। राहुल अभी भाजपा से सांसद है, लेकिन टिकट कटने के बाद कांग्रेस का दामन थाम चुके हैं। दोनों के बीच सीधा मुकाबला है।

झुंझुंनूं लोकसभा : भाजपा के उम्मीदवार शुभकरण चौधरी व कांग्रेस के बृजेन्द्र ओला उम्मीदवार हैं। दोनों के बीच सीधा मुकाबला है। दोनों नेता पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं।


बीकानेर लोकसभा : भाजपा ने केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को प्रत्याशी बनाया है, वहीं कांग्रेस ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे गोविंदराम मेघवाल को उम्मीदवार बनाया है।

जयपुर लोकसभा : भाजपा ने पूर्व मंत्री दिवंगत भंवरलाल शर्मा की पुत्री मंजू शर्मा को प्रत्याशी बनाया है। वे पहली बार मैदान में हैं। उनका सीधा मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार प्रतापसिंह खाचरियावास से है। खाचरियावास पहले भी सांसद का चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़ चुके हैं। लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली थी।


जयपुर ग्रामीण लोकसभा : भाजपा ने पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष राव राजेन्द्र सिंह को उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस ने अनिल चौपड़ा को मैदान में उतारा है। दोनों के बीच सीधा मुकाबला है।

धौलपुर-करौली लोकसभा : भाजपा ने इस बार वर्तमान सांसद मनोज राजोरिया का टिकट काटकर करौली की पूर्व प्रधान इन्दु देवी जाटव को उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस ने राज्य की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में मत्री रहे भजनलाल जाटव को टिकट दिया है। दोनों के बीच सीधा मुकाबला है। भजनलाल भरतपुर जिले के रहने वाले हैं। बसपा ने भी विक्रम सिंह को मैदान में उतारा है।


गंगानगर लोकसभा : भाजपा ने अनूपगढ़ नगर परिषद सभापति प्रियंका बैलाण को प्रत्याशी बनाया है। वहीं कांग्रेस ने जिला प्रमुख कुलदीप इंदौरा को टिकट दिया है। दोनों के बीच सीधा मुकाबला है। भाजपा ने इस बार सांसद निहालचंद का टिकट काट दिया है। दोनों ही प्रत्याशी गंगानगर लोकसभा क्षेत्र की बजाय बीकानेर लोकसभा क्षेत्र से आते हैं।

नागौर लोकसभा : भाजपा ने ज्योति मिर्धा को मैदान में उतारा है, वहीं कांग्रेस ने यह सीट रालोपा से गठबंधन के तहत छोड़ी है। रालोपा ने हनुमान बेनीवाल को उम्मीदवार बनाया है। मिर्धा व बेनीवाल के बीच सीधा मुकाबला है। पिछली बार भी दोनों के बीच मुकाबला हुआ था। उस समय मिर्धा कांग्रेस तो बेनीवाल भाजपा से गठबंधन के तहत चुनाव लड़े थे।


भरतपुर लोकसभा : भाजपा ने रामस्वरूप कोली मैदान में उतारा है, वहीं कांग्रेस ने संजना जाटव को प्रत्याशी बनाया है। दोनों के बीच सीधा मुकाबला है।

यह भी पढ़ें

राजस्थान में कांग्रेस नेता के बिगड़े बोल…पाकिस्तान से की भारत की तुलना, EVM पर भी उठाए सवाल

 

दौसा लोकसभा : भाजपा ने सांसद जसकौर मीणा का टिकट काटकर पूर्व मंत्री कन्हैयालाल मीणा को उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस ने विधायक मुरारीलाल मीणा को प्रत्याशी बनाया है। वैसे तो दोनों के बीच फिलहाल सीधा मुकाबला है। लेकिन हाल ही कांग्रेस की सदस्यता लेने वाले नरेश मीणा ने निर्दलीय नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। इससे कांग्रेस को वोटों में सेंध का डर है। युवाओं में नरेश की पकड़ है।

Home / Jaipur / राजस्थान में पहले चरण की 11 सीटों पर सीधा मुकाबला, एक पर त्रिकोणीय संघर्ष, पढें पूरी डिटेल

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो