
gujhiya recipe
गुझिया के बिना होली का त्योहार फीका है। होली पर गुझिया न केवल इस त्योहार में चार चांद लगा देती हैं, बल्कि मेहमानों का भी दिल जीत लेती हैं। अगर आपके पास ज्यादा समय नहीं है तो आप ओवन में भी झटपट गुझिया तैयार कर सकते हैं। यह बेक्ड होती हैं और खाने में भी टेस्टी लगती हैं। यहां पढ़ें गुझिया की ओवन रेसिपी -
सामग्री -
गुझिया के लिए आटा लगाने के लिए
मैदा - 1 कप (125 ग्राम)
घी - 2 टेबल स्पून (30-35 ग्राम)
दूध - 1/4 कप (50-60 ग्राम)
स्टफिंग के लिए
मावा - 3/4-1 कप ( 150-200 ग्राम)
पाउडर चीनी - 1/2 कप ( 100-125 ग्राम)
कन्डेन्स्ड मिल्क - 1 टेबल स्पून ( यदि आप चाहें)
छोटी इलाइची - 4-5 छील कर पाउडर बना लीजिए
काजू - 10-12, छोटे छोटे काट लीजिए
किशमिश - 1 टेबल स्पून, डंठल हटा कर कपड़े से पोंछ लीजिए
चिरोंजी - 1 टेबल स्पून
विधि -
मैदा में घी को मेल्ट करके मिला लीजिए, दूध को हल्का गरम कीजिए और दूध की सहायता से पूरी से थोड़ा सख्त आटा गूथ लीजिए। आटे को ढककर 20 मिनिट के लिए रख दीजिए, आटा फूल कर सैट हो जाएगा, जब तक आटा सैट होता है तब तक गुझिया के लिए स्टफिंग बनाकर तैयार कर लीजिए।
स्टफिंग -
मावा को माइक्रोवेव सेफ प्याले में निकाल लीजिए और 1 मिनिट माइक्रोवेव कर लीजिए, १ मिनिट में मावा भून कर तैयार हो जाता है (मावा को गैस पर कढ़ाई में भी हल्का सा भूना जा सकता है)। भुने मावा में कटे हुए काजू, किशमिश, चिरोंजी और इलाइची पाउडर डालकर मिला दिजिए और मावा के ठंडा होने पर या एकदम हल्का गरम रहने पर पाउडर चीनी डालकर मिला दीजिए। स्टफिंग तैयार है।
गुझिया -
आटे को मसल कर चिकना कर लीजिए, और आटे से छोटी छोटी लोइयां तोड़ लीजिए, इतने आटे से 12-14 लोइयां बना लीजिए। एक एक लोई उठाकर दोंनो हाथो से मसल कर गोल कीजिए और दबाकर पेड़े जैसा चपटा करके रख लीजिए, सारी लोइयां बनाकर तैयार कर लीजिए। लोइयों को कपड़े से ढककर रख लीजिए।
एक लोई उठाइए और चकले पर रखिए और 3.5-4 इंच के व्यास में एक जैसा पतला बेल कर तैयार कर लीजिए, बेली हुई पूरी को गुझिया बनाने वाले सांचे को खोलिए और उसके ऊपर इस तरह रखिए कि सांचा पूरा अच्छी तरह ढक जाए पूरी के आधे भाग पर 2 छोटी चम्मच स्टफिंग रखिए, पूरी के किनारों पर उंगली से पानी लगाकर गीला कर लीजिए, सांचे को इस तरह बन्द कीजिए कि स्टफिंग अच्छी तरह पूरी के अन्दर बन्द हो जाए।
सांचे से बाहर जो आटा यानि कि बेली हुई पूरी निकल रही है उसे हटा दीजिए और कपड़े के अन्दर ही ढककर रख दीजिए। तैयार गुझिया को थाली में लगाइए या किसी कपड़े को बिछा कर उसके ऊपर रखिए, या बेकिंग ट्रे को चिकना करके उसके ऊपर कपड़े से ढककर रखिए, ताकि गुझियां सूखे नहीं, सारी गुझिया इसी तरह बनाकर, भरकर तैयार कर लीजिए।
बेक कीजिए
बेकिंग ट्रे को चिकना कर लीजिए और थोड़ी थोड़ी दूर पर गुझिया लगा दीजिए। ओवन को 200 डि. से. पर प्रीहीट कर लीजिए। गुझिया की ट्रे को ओवन के अन्दर जाली स्टेन्ड के ऊपर रखिए और ओवन को 200 डि.से. पर 10 मिनिट के लिए सैट कर दीजिए, 10 मिनिट बाद गुझिया की ट्रे ओवन से निकालिए और चैक कीजिए, गुझिया ऊपर की ओर से ब्राउन हो गई है।
गुजिया को ग्ले़ज कीजिए
गुझिया के ऊपर कन्डेन्स्ड मिल्क को दूध मिलाकर पतला करके, इस मीठे दूध से ब्रस की सहायता से ग्रीज कर दीजिए। गुझिया को पलट दीजिए और फिर से गुझिया को 8 मिनिट, चैक करते हुए बेक कर लीजिए, गुझिया हल्की ब्राउन हो गई हैं। गुझिया 18 मिनिट में बेक होकर तैयार हो गई हैं। गरमा गरम बेक्ड गुझिया को सर्व कीजिये और खाइए। इन्हैं अच्छी तरह ठंडी होने बाद कन्टेनर में भरकर रख लीजिए और एक सप्ताह तक खाते रहिए।
अगर आप भी खाना बनाने के शौकीन हैं और कुछ ऐसी डिशेज बनाते हैं जिन पर आपको हर बार तारीफें मिलती हैं तो अब हम आपको अपनी इस कला के प्रदर्शन के लिए प्लैटफॉर्म देने जा रहे हैं। आप अपनी खास रेसिपीज पत्रिका डॉट कॉम के साथ शेयर कर सकते हैं। कंमेंट बॉक्स में अपनी रेसिपी हमें लिख भेजें। आप अपनी रेसिपी का वीडियो भी हमारे साथ शेयर कर सकते हैं। चुनिंदा रेसिपीज को पत्रिका डॉट कॉम पर फीचर भी किया जाएगा। तो देर किस बात की, लिख भेजिए हमें अपनी स्पेशल रेसिपी।
Published on:
25 Feb 2018 04:37 pm
बड़ी खबरें
View Allमिठाई
रैसिपीज
ट्रेंडिंग
