
टोंक नगर परिषद के पूर्व सभापति हाजी मोहम्मद अजमल का हुआ इंतकाल
टोंक. गंगा-जमनी तहजीब की नगरी टोंक के लिए मंगलवार का दिन बड़ा दुखद रहा। हर वर्ग से व्यवहार व मिलनसारिता से राज करने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं दो बार टोंक नगर परिषद के सभापति रहे हाजी मोहम्मद अजमल का जयपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में इलाज के दौरान इंतकाल हो गया।
इनके निधन की खबर लगते ही टोंक शहर सहित पूरे प्रदेश में शोक की लहर छा गई और टोंक शहर में हिन्दू-मुस्लिम दोनों समुदायों के के लोगों ने खिराज-ए-अकीदत पेश की। दो बार टोंक नगर परिषद सभापति रह चुके हाजी मोहम्मद अजमल पिछले कई दिनों से बीमार थे, जिसके चलते अस्पताल में भर्ती थे।
स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने के चलते जयपुर महात्मा गांधी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। हाजी मोहम्मद अजमल ने 57 वर्ष की उम्र में महात्मा गांधी जयपुर अस्पताल में मंगलवार सुबह 11 बजकर 55 पर अंतिम सांस ली। उनके पिता ईद मोहम्मद निजामुद्दीन भी टोंक नगर सेठ के नाम से जाने जाते थे।
कांग्रेस पार्टी में उनका अच्छा वर्चस्व था। मोहम्मद अजमल दरियादिली की वजह से भी जाने जाते थे। गरीब व असहाय लोगों की मदद के लिए वो हमेशा तैयार रहते थे। नगर परिषद सभापति रहते उनकी जो सैलेरी मिलती थी वो भी गरीबों में दान कर देते थे। वह ईद के त्यौहार पर अपने समाज के लिए आगे रहते तो हिन्दू समाज के नवरात्र के समय होने वाली रामलीला आयोजन के लिए सदैव आगे रहते थे।
उनके सभापति कार्यकाल में एक बार जब रामलीला का बजट किन्ही कारणों से पास नहीं हुआ तो उन्होंने स्वयं अपने निजी खर्चे पर पार्षदों व शहर के प्रबुद्ध नागरिकों को सहयोग से रामलीला का भव्य आयोजन किया। मंगलवार को मुस्लिम समाज के पवित्र माह रमजान का मझला रोजा होने एवं हिन्दू समाज का मंगलवार को पूर्णिमा और हनुमान जयंती का दिन होने के कारण दोनों वर्गों में उनके निधन के साथ शोक की लहर छा गई। उनके निधन पर कांग्रेस, भाजपा व सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित की।
Published on:
27 Apr 2021 09:55 pm

बड़ी खबरें
View Allटोंक
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
