
उदयपुर . अरब सागर से उठे चक्रवात ‘ओखी’ का असर मंगलवार को उदयपुर में भी दिखाई दिया। बादलों के कारण दिनभर सूर्य दिखाई नहीं दिया जिससे तापमान में गिरावट हुई। सर्द हवा से गलन और ठिठुरन का जोर बढ़ गया। हल्की फुहारों का दौर दिनभर चला जिससे सडक़ें तर रही। हालांकि बादलों के कारण मंगलवार को न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह तापमान सोमवार के मुकाबले करीब ढाई डिग्री अधिक दर्ज किया गया। बारिश से फसलों को फायदा होने से किसान उत्साहित है।
सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहने से धूप नहीं निकली। दिन की शुरुआत ही हल्की फुहारों से हुई। इसके चलते गलन बढ़ गई जिससे हर कोई कंपकंपा उठा। दिनभर सभी ठिठुरन से निजात पाने के प्रयास करते दिखे। दिनभर लोग गर्म कपड़ों से लिपटे रहे। दिन में कई जगह लोग अलाप तापते नजर आए। लोग जरूरी काम होने पर घर से बाहर निकले मगर सर्द हवा और फुहारों से बचाव करके।
जल्द ही काम निपटाकर घरों को लौट आए। ऐसे में आम दिनों की अपेक्षा शहर की सडक़ों पर आवाजाही कम रही। शाम होते ही लोग घरों में दुबक गए। खुले में कार्य करने वाले लोग रात को अलाव जलाकर ठंड से राहत पाने का जतन करते रहे।
बच्चों की छुट्टी
अचानक मौसम पलटने से छोटे बच्चों को स्कूल भेजने को लेकर अभिभावक चिंतित रहे। कई छोटे बच्चों को खराब मौसम के चलते अवकाश दिला दिया गया। ऐसे में स्कूलों में भी छोटे बच्चों की संख्या कम रही।
गिरा दिन का पारा
बादल छाने से मंगलवार को एक ही दिन में अधिकतम तापमान चार डिग्री नीचे आ गया जिससे ठंड का अहसास काफी बढ़ गया। डबोक स्थित मौसम केंद्र के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो मंगलवार को 18.5 डिग्री रह गया। दूसरी ओर बादलों के कारण न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान सोमवार को 11 एवं मंगलवार को 13.6 डिग्री रहा। सीटीएआई में मंगलवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री दर्ज किया गया।
मुंबई-उदयपुर फ्लाइट अहमदाबाद डायवर्ट, पांच घंटे देरी से आई
उदयपुर. जेट एयरवेज का मुंबई से उदयपुर आने वाला विमान मंगलवार को करीब पांच घंटे देरी से देर रात उदयपुर के डबोक एयरपोर्ट पहुंचा। मुंबई से उड़ान भरने के बाद बिगड़े मौसम से विमान को अहमदाबाद डायवर्ट किया गया। ओखी चक्रवात से बिगड़े मौसम के कारण विमान उदयपुर आने और वापस मुंबई जाने में लेट हुआ। जानकारी के अनुसार शाम को 5:35 बजे डबोक के महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पर पहुंचने वाला यह विमान रात करीब 10:10 बजे उतरा तथा शाम 6:10 बजे मुंबई जाने वाले इसी विमान ने रात को 10:45 बजे उड़ान भरी।
फसलों को फायदा
मावठ मेवाड़ की फसलों के लिए लाभप्रद है। 20-25 दिन पूर्व गेहूं, चना, सरसों की फसल भी बोई जा चुकी है। ऐसे में इन्हें अभी सिंचाई का समय है। इससे जिन किसानों के पास पर्याप्त पानी नहीं है उन्हें भी लाभ होगा। इधर, सब्जियों में धनिया, मिर्च, पत्ता गोभी, फूल गोभी आदि की पौध भी इस समय सिंचाई मांगती है। केवल जीरे की फसल ही ऐसी है जिसे इस मौसम से नुकसान होने की संभावना है। अन्य फसलों को लंबे समय तक धूप नहीं मिलने पर रोग की आशंका है। तापमान गिरने से फसलों और सब्जियों के लिए बेहद फायदेमंद है।
-डॉ. शांति कुमार शर्मा, क्षेत्रीय अनुसंधान निदेशक, एमपीयूएटी
हो सकती है बारिश
मेवाड़ और आसपास के क्षेत्र में चक्रवात ओखी का असर दिखाई दे रहा है। इसका असर एक-दो दिन और देखने को मिल सकता है। इससे बुधवार को भी बारिश होने की संभावना है। बादल छाने से न्यूनतम तापमान बढ़ गया है। इधर बादलों के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम खुलने के साथ ही अधिकतम तापमान तेजी से बढ़ेने और न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है।
- नारायण सिंह सोलंकी, मौसम विज्ञानी, राजस्थान कृषि महाविद्यालय
Published on:
06 Dec 2017 10:30 am
बड़ी खबरें
View Allउदयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
