4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

3 बहनों की एक साथ हो रही थी शादी फिर आई ऐसी खबर पढ़कर निकल जाएंगे आपके आंसू

किसी के हाथों में मेहंदी लग रही थी, किसी को हल्दी, तो कोई संज संवर रही थी, पूरे घर में हंसी-खुशी और उत्साह का माहौल नजर आ रहा था

3 min read
Google source verification
3 बहनों की एक साथ हो रही थी शादी फिर आई ऐसी खबर पढ़कर निकल जाएंगे आपके आंसू

3 बहनों की एक साथ हो रही थी शादी फिर आई ऐसी खबर पढ़कर निकल जाएंगे आपके आंसू

उज्जैन. एक साथ तीनों बेटियों की शादी होने से घर में ढोल-ढमाकों और गीत संगीत की धूम मची थी, मेहमान एक के बाद एक आते जा रहे थे, किसी के हाथों में मेहंदी लग रही थी, किसी को हल्दी, तो कोई संज संवर रही थी, पूरे घर में हंसी-खुशी और उत्साह का माहौल नजर आ रहा था, ऐसे में किसी ने यह नहीं सोचा था कि इन खुशियों को किसी की नजर लग जाएगी, जैसे ही परिजनों को पता चला कि घर की सबसे छोटी बेटी के दूल्हे की बारात लेकर आते समय मौत हो गई, तो पूरे घर में खुशियों की जगह मातम छा गया, ऐसा कोई व्यक्ति नहीं था जिसकी आंखों से आंसू नहीं टपक रहे हों, लेकिन इसी बीच कुछ बड़े फैसलें भी लेने पड़े।

दूल्हे की मौत की खबर से छाया घर में मातम

मध्यप्रदेश के उज्जैन शहर में एक दर्दनाक हादसा भेरूनाला में रहने वाले कालोसिया परिवार के साथ हुआ। यहां तीन बहनों की एक साथ शादी होना थी। रविवार सुबह सबसे छोटी बहन की सवाई माधौपुर से आ रही बारात में दूल्हे की कार कोटा की चंबल नदी में गिर गई। घटना में दूल्हे सहित परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई। हादसे की खबर जैसे ही लड़की के परिजनों को लगी तो शादी वाले घर में मातम छा गया। परिजनों के आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।

सबसे छोटी बेटी है जया, छह माह पहले हुई थी सगाई

भेरूनाला क्षेत्र में रहने वाले सुभाष कलौसिया की तीन बेटी वर्षा दीपिका और जया के रविवार को शहर के विष्णु वाटिका में फेरे होने वाले थे। जया की बारात राजस्थान के सवाईमाधौपुर के ग्राम चौथ का बरवाड़ा से सुबह आने वाली थी। शादी की सारी तैयारी हो गई थी, गीत-संगीत बज रहा था और बारात की आगवानी की तैयारी की जा रही थी। इसी बीच सुबह 5.30 बजे दूल्हे अश्विन मालिया की कार चंबल नदी में गिरने तथा मौत होने की सूचना परिजनों को मिली। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुए। घर में खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों ने दोपहर तक हादसे की जानकारी बेटी जया को नहीं दी थी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। दुल्हन जया दोनों बहनों में सबसे छोटी थी और छह माह पहले ही अश्विन के साथ सगाई हुई थी, घटना के बाद रिश्तेदार परिजनों को सांत्वना देते रहे।

वर्षा और दीपिका है जुड़वा बहनें
परिवार ने तीनों बहन वर्षा, दीपिका और जया की एक साथ शादी रखी थी। वर्षा और दीपिका जुड़वा बहनें हैं। वर्षा की शादी मंदसौर जिले के शामगढ़ तथा दीपिका की शादी ताल में होना थी। जया की बारात सुबह आने वाली थी और दोनों बहनों की बारात शाम को आने वाली थी। इनके भाई कुलदीप और कुणाल हैं। हादसे के बाद गम भरे माहौल में दोनों बहनों की शादी हुई।

जया के कंगन उतरवाए, गणेशजी से मांगी क्षमा
जया के कंगन उतरवाए गणेशजी से मांगी क्षमा-हादसे की बाद दुल्हन जया की शादी रोक दी गई। परिजनों को बालयोगी संत उमेशनाथ महाराज ने बेटी जया के कंगन उतरवाने और भगवान गणेश से क्षमा मांगने की बात कही। परिजनों ने गुरु महाराज की आज्ञा से दुल्हन बनी जया के हाथों से शादी के कंगन उतरवाए।

यह भी पढ़ें : प्रेग्नेंट बहू को जबरन खिलाते थे मीठा खाना, इंकार करने पर होती थी पिटाई

संत उमेशनाथ ने परिजनों को बंधाया ढांढस

सुभाष कलौसिया बालयोगी संत उमेशनाथ के शिष्य होकर उनके आश्रम से जुड़े हुए थे। हादसे की खबर जब संतश्री के पास पहुंची तो उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया। संतश्री ने पत्रिका को बताया कि एक बड़ा हादसा हुआ है। इससे दोनों ही परिवार आहत हुए हैं। मैं अगले दिनों में सवाई माधौपुर भी परिजनों से मिलने जाऊंगा। कलौसिया परिवार से कहा है कि वह दो बेटियों की शादी की रस्में पूरी करें।