10 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

काल भैरव घाट पर अष्टधारा महायज्ञ का शुभारंभ, 17 अप्रैल को होगा समापन

अघोर अखाड़ा एवं गौसेवा संगठन के तत्वावधान में आठ दिवसीय धार्मिक आयोजन सुख-समृद्धि, उन्नति और नकारात्मक शक्तियों के नाश की कामना

2 min read
Google source verification
सुख-समृद्धि, उन्नति और नकारात्मक शक्तियों के नाश की कामना

उज्जैन के काल भैरव घाट स्थित श्री बम-बम भूतेश्वर महादेव मंदिर में अघोर अखाड़ा उज्जैन एवं श्री सेनापति काल भैरव गौसेवा संगठन के संयुक्त तत्वावधान में आठ दिवसीय अष्टधारा महायज्ञ का भव्य आयोजन प्रारंभ हुआ है। 10 अप्रैल 2026 से शुरू हुआ यह महायज्ञ 17 अप्रैल तक चलेगा। इस आयोजन का नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष योगी विष्णु नाथ महाराज कर रहे हैं। महायज्ञ प्रारंभ होने से पूर्व विधिवत पूजन, मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में साधु-संत और श्रद्धालु शामिल हुए।

अष्टधारा अर्पण का विशेष महत्व

महायज्ञ के प्रमुख अनुष्ठान ‘अष्टधारा अर्पण’ के अंतर्गत दूध, दही, घी, सरसों तेल, शहद, शराब, गंगाजल और इत्र को कलश के माध्यम से भगवान काल भैरव को अर्पित किया जा रहा है। आयोजन से जुड़े संतों ने बताया कि इस महायज्ञ का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार, नकारात्मक शक्तियों का नाश तथा जीवन में सुख-समृद्धि की प्राप्ति की कामना की जाती है। साथ ही यह आयोजन व्यक्ति को काम, क्रोध, मोह, लोभ और अहंकार जैसे विकारों से दूर होकर ईश्वर के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।

श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, भव्य समापन की तैयारी

महायज्ञ के दौरान मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट, रंग-बिरंगी रोशनी और ध्वज-पताकाओं से सजाया गया है, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, साधु-संत और साधक-साधिकाएं यहां पहुंचकर धर्म लाभ अर्जित कर रहे हैं। आयोजन में विभिन्न अखाड़ों के संतों की भी भागीदारी हो रही है, जिससे इसका धार्मिक महत्व और अधिक बढ़ गया है। समापन के दिन 17 अप्रैल को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजकों के अनुसार, यह महायज्ञ सेवा, त्याग, परोपकार और सनातन धर्म के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।

बड़ी खबरें

View All

उज्जैन

मध्य प्रदेश न्यूज़

ट्रेंडिंग