3 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जानते हैं मुख्यमंत्री ने क्यों कहा, 5जी मोबाइल सेवा नहीं क्रांति है

अब सरकार हर सेवा का करेगी डिजिटलाइजेशन, इस क्रांति के बल पर सरकार समृद्ध और सशक्त मध्यप्रदेश का निर्माण करेगी। श्री महाकाल लोक में मुख्यमंत्री ने किया मध्यप्रदेश में इंटरनेट 5जी सेवा का शुभारंभ

3 min read
Google source verification
जानते हैं मुख्यमंत्री ने क्यों कहा, 5जी मोबाइल सेवा नहीं क्रांति है

जानते हैं मुख्यमंत्री ने क्यों कहा, 5जी मोबाइल सेवा नहीं क्रांति है

उज्जैन. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को उज्जैन पहुंचे। त्रिवेणी संग्रहालय के हाल में जियो 5जी सेवा के लोकार्पण पर मुख्यमंत्री ने कहा, यह मध्यप्रदेश की विकास यात्रा का ऐतिहासिक दिन है। महाकाल के लोक से 5 जी सेवा की शुरुआत सिर्फ मोबाइल सेवा नहीं है, बल्कि नई क्रांति है। इस क्रांति के बल पर सरकार समृद्ध और सशक्त मध्यप्रदेश का निर्माण करेगी। अब हर सेवा का डिजिटलाइजेशन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री बोले, विकास को गति देने के लिए प्रदेश में 5जी सेवा शुरू करना चाहता था। आज यह कार्य श्री महाकाल के शहर से शुरू कर रहे हैं। इससे इंटरनेट की गति वर्तमान 4जी में जो 100 एमबीपीएस है, इससे बढ़कर 1500 एमबीपीएस हो जाएगी। यह तकनीक कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, उद्योग-रोजगार के साथ सुशासन की स्थापना में बडा योगदान देगी। महाकाल बाबा के चरणों से शुरू हो रही 5जी सेवा के लिए प्रदेश के सवा 8 करोड़ लोगों को बधाई।
गांवों तक पहुंचेंगे डॉक्टर
मुख्यमंत्री बोले, इंटरनेट की 5 जी सेवा शुरू होने से स्वास्थ्य सुविधाओं में क्रांति आएगी। विशेषज्ञों की एडवाइज गांव-गांव तक मरीजों को मिल सकेगी। कोरोना के काल में हमने तकनीक के बल पर ही भोपाल में बैठकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से लोगों तक मदद पहुंचाई। 5 जी के बाद इसमें गति मिलेगी।
बच्चों को पढ़ाएंगे यूके-यूएस के विशेषज्ञ
मुख्यमंत्री बोले, शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आने वाला है। बच्चों को पढ़ाने के लिए बाहर से विशेषज्ञों को बुलाने की जरूरत नहीं रहेगी। स्मार्ट क्लास के माध्यम से मुंबई, दिल्ली के ही नहीं यूके, यूएस के विशेषज्ञ भी बच्चों से जुड़ पाएंगे। बच्चों को भी पढ़ने के लिए दिल्ली, मुंबई, इंदौर जैसे बड़े शहरों में जाने की जरूरत नहीं रहेगी।

मुख्यमंत्री ने जियो ग्लास से देखा दिल

कार्यक्रम में कंपनी अधिकारियों ने जियो ग्लास का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने इसे पहनकर वर्चुअल रियलिटी का अनुभव लिया। ग्लास के जरिए उन्हें मानव शरीर, हृदय आदि दिखाए गए। अनुभव लेने के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से कहा, हृदय के एक-एक नस साफ नजर आ रही थी। चिकित्सा क्षेत्र में इस तकनीक से बड़ी मदद मिलेगी।

इंदौर होगा पहला 5जी शहर

उज्जैन महाकाल लोक में 5जी सेवा का शुभारंभ होने के बाद अब कंपनी इंदौर में सुविधा को सबसे पहले लांच करेगी। कंपनी अधिकारियों के अनुसार जी-20 समिट में इसे शुरू करने का प्रयास रहेगा। मप्र में इंदौर पहला शहर होगा जहां यह सुविधा शुरू की जाएगी। उज्जैन में अभी सिर्फ महाकाल लोक क्षेत्र् में ही वाईफाई के माध्यम से 5जी सेवा मिलेगी।
उद्योगों में आएगी क्रांति
5जी के कारण उद्योगों में क्रांति आएगी। छोटे-बड़े मध्यम उद्योगों में उत्पादन बढ़ने के साथ रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। आइटी क्षेत्र में क्रांति आएगी। किसानों को भी लाभ मिलेगा। फोरकास्टिंग समेत विशेषज्ञों की राय घर बैठे मिल सकेगी।
साइकिल के लिए देंगे ई-वाउचर
स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को साइकिल देते थे, फिर हमने उनके अकाउंट में पैसे ट्रांसफर करना शुरू किए। इस पर बच्चों ने कहा, मामा साइकिल के पैसे तो पिताजी ने उपयोग कर लिए। इसके लिए अब सरकार साइकिल के लिए ई-वाउचर देगी, जिससे सिर्फ साइकिल खरीदी जा सकेगी। 5जी सेवा से माल-परिवहन, बेहतर ट्रैफिक मैनेजमेंट, क्राइम कंट्रोल के साथ खनिज संपदा जैसे हीरा, सोना, मैग्निशियम आदि के खनन में मदद मिलेगी।


मध्यप्रदेश की विकास दर 19.76 प्रतिशत, जो हिंदुस्तान में सबसे ज्यादा
मुख्यमंत्री बोले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जी-20 की अध्यक्षता भारत को मिली है। प्रधानमंत्री के नारे के अनुरूप आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का निर्माण कर रहे हैं। अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, अर्थवस्वस्था-रोजगार के साथ हर क्षेत्र में मध्यप्रदेश बेहतर कार्य कर रहा है। इसके चलते मध्यप्रदेश की विकास दर 19.76 प्रतिशत है, जो हिंदुस्तान में सबसे ज्यादा है। भारत की जीडीपी में हमारी हिस्सेदारी 4.6 प्रतिशत है, जो पहले 3.6 प्रतिशत थी। इतना ही नहीं 2003-04 में जो प्रति व्यक्ति आय 13000 रुपए थी, वह अब बढ़कर 1 लाख 37 हजार रुपए हो गई है। हमारा एक ही सपना है, देश में मध्यप्रदेश सबसे विकसित राज्य बने। दुनिया के सबसे अच्छे राज्यों में मध्यप्रदेश का नाम रहे।

Story Loader