republic day 2023- बड़े गणेश मंदिर में 29 जनवरी को मनाया जाएगा गणतंत्र दिवस...।
उज्जैन। क्या आपने कभी सुना है, गणतंत्र दिवस 29 जनवरी को मनाया जाएगा। एक बार तो आप हैरान रह जाएंगे, लेकिन यही सच है। यहां 29 जनवरी को गणतंत्र दिवस मनाया जाने वाला है। कई दशकों से इस मंदिर में तारीख नहीं, तिथियों के अनुसार ही राष्ट्रीय पर्व और त्योहार मनाए जाते हैं। इस बार गणतंत्र दिवस की तिथि 29 जनवरी को पड़ रही है।
उज्जैन में बड़े गणपति के मंदिर (bade ganesh temple) में पंचाग के अनुसार ही तीज-त्योहार मनाए जाते हैं। मंदिर के सेवादार कहते हैं कि अंग्रेजी तारीख के मुताबिक तीज, त्योहार, वर्षगांठ मनाने की परंपरा हमारे शास्त्रों में नहीं हैं। हमें पंचांग के अनुसार ही तीज-त्योहार मनाना चाहिए। जाने-माने ज्योतिषी पं. आनंदशंकर व्यास कहते हैं कि धर्म-परंपरा और ज्योतिष विज्ञान में पंचांग गणना के मुताबिक ही तीज-त्योहार मनाए जाते हैं।
मंदिर प्रबंधन के सेवादार कहते हैं कि 26 जनवरी 1950 को भारत में जब संविधान लागू किया गया, उस दिन माघ मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि थी। इसीलिए उज्जैन के बड़े गणेश मंदिर में इसी दिन गणतंत्र दिवस (republic day) मनाया जाता है। इस बार यही तिथि 29 जनवरी को पड़ रही है। इसी दिन धूमधाम के साथ मंदिर परिसर में गणतंत्र दिवस (republic day) मनाया जाएगा। साथ ही देश की सुख-समृद्धि की कामना भगवान गणेश से की जाएगा। इस दिन भगवान का महाभिषेक किया जाएगा। मंदिर के शिखर पर नया ध्वज चढ़ेगा। इसी दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को भी याद किया जाएगा।
1908 में हुई थी मंदिर की स्थापना
बताया जाता है कि उज्जैन के बड़े गणेश मंदिर की स्थापना 1908 में हुई थी, उस दिन माघ कृष्ण की चतुर्थी थी। पं. बाल गंगाधर तिलक के गणेश उत्सव अभियान से प्रेरित होकर पं. नारायण व्यास ने इस मंदिर की नींव रखी थी। यह मंदिर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की आश्रय स्थली भी रहा करती थी। देश की आजादी के लिए यहां अखंड यज्ञ भी किया गया था।
पिछले साल 9 फरवरी को था गणतंत्र दिवस
पिछले साल तिथियों के अनुसार 9 फरवरी को गणतंत्र दिवस मनाया गया था। उस दिन मंदिर परिसर में देश का झंडा फहराया गया था।