
थ्री फेस मीटर को रिमोट से बदल रहे थे सिंगल फेस में, एक बिल्डिंग में होटल नेहा पैलेस व कपड़े की दुकान संचालित हो रही थी, 13-14 एसी सहित अन्य उपकरण जल रहे थे, करीब 35 किलो वॉट को लोड मिला
उज्जैन. महाकाल मंदिर क्षेत्र स्थित होटल नेहा पैलेस में बिजली कंपनी ने बड़ी बिजली चोरी पकड़ी है। यहां पर होटल संचालक ने सिंगल व थ्री फेस मीटर में गड़बड़ी कर रखी थी। थ्री फेस के मीटर को सिंगल फेस में रिमोट के माध्मय से बदला जा रहा था। मीटर में छेद भी मिला है। होटल में करीबन 35 किलो वॉट से अधिक का लोड मिला है। बिजली कंपनी अब होटल संचालक पर सालभर के मान बिजली चोरी की वसूली करेगी।
बिजली कंपनी के वेस्ट जोन प्रभारी राजीव पटेल ने बताया कि महाकाल घाटी क्षेत्र में नेहा पैलस नाम से होटल व कपड़े की दुकान है। यहां संचालक ने दो कनेक्शन ले रखे हैं। एक कनेक्शन सिंगल फेस तो दूसरा थ्री फेस कनेक्शन था। इन्हीं मीटर में कारस्तानी की हुई थी। यहां थ्री फेस मीटर को रिमोट के माध्यम से सिंगल फेस किया जा रहा था। इससे मीटर में रीडिंग बहुत कम हो रही थी। जबकि होटल में १३ से १४ एसी लगे हुए हैं, वहीं दुकान व कमरों में बिजली की खपत अलग हो रही है। जांच में एक मीटर में छेद भी होना सामने आया है। पटेल के मुताबिक मीटर को जांच के लिए लैब भेजा गया है। जांच में मीटर के टेंपर्ड निकलने के बाद बिलिंग की कार्रवाई की जाएगी। चोरी के प्रकरण के चलते उपभोक्ता से सालभर की खपत के मान से राशि वसूली जाएगी।
फिर तीन जगह ताले टूटे, हजारों का माल चोरी
उज्जैन. शुक्रवार को फिर शहर में तीन जगह ताले टूटने की वारदात सामने आई। यहां से बदमाश नकदी सहित हजारों रुपए का सामान चोरी कर ले गए। नागझिरी थाना क्षेत्र के मालनवासा के पास त्रिवेणी विहार कॉलोनी में रहने वाली पुष्पा पति कीमत 9 फरवरी को रिश्तेदार के यहां गई थी। 16 फरवरी को वापस लौटी तो घर के ताले टूटे मिले और जेवर व नकदी गायब थे। इसी तरह जीवाजीगंज स्थित आशु माता मंदिर के पास हासिरउद्दीन के कबाड़ के कारखाने से बदमाश 20 हजार का कबाड़ चोरी कर ले गए। तीसरी वारदात दवा बाजार में हुई। राधेश्याम पिता अमरचंद त्रिपाठी निवासी देवास रोड ने ई- एफआइआर से रिपोर्ट दर्ज करवाई। उनका कहना था कि बुधवार- गुरुवार की रात को अज्ञात बदमाश दुकान का ताला तोड़कर 30 हजार की नकदी सहित दवाई चुरा ले गए।
Published on:
19 Feb 2022, 12:29 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.