3 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बहराइच

भाजपा विधायक के पति व पूर्व विधायक की गुंडई आई सामने, सुरक्षाकर्मी को दौड़ाकर पीटा

नानपारा विधानसभा से मौजूदा भाजपा विधायक माधुरी वर्मा के पति दिलीप वर्मा की गुण्डई चर्चा का विषय बन गई है।

Google source verification

बहराइच. भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की दबंगई का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सीमावर्ती जिले बहराइच में सामने आया है जहां की नानपारा विधानसभा से मौजूदा भाजपा विधायक माधुरी वर्मा के पति दिलीप वर्मा की गुण्डई चर्चा का विषय बन गई है। वर्मा पर स्थानीय किसान सहकारी चीनी मिल के अंदर अपने कार्यकर्ताओं की गन्ना ट्रालियों को जबरन यार्ड के अंदर कराने को लेकर मिल के सुरक्षा अधिकारी को लाठी से पीटने का संगीन आरोप लगा है। इस मामले में शिकायत के बाद आरोपी पूर्व विधायक दिलीप वर्मा के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। FIR दर्ज होने की जानकारी पर पूर्व विधायक अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और एफआईआर फाड़ने का दबाव बनाने लगे।

घटना के बारे में जानकारी देते हुए C.O नानपारा सुरेंद्र कुमार यादव ने पत्रिका उत्तर प्रदेश को बताया कि बीती रात आरोपी पूर्व विधायक दिलीप वर्मा अपने समर्थकों के साथ किसान सहकारी चीनी मिल गेट पर पहुंचे, जहाँ ड्यूटी पर तैनात मिल का सुरक्षा इंचार्ज उमेश कुमार शुक्ला टोकन के अनुसार गन्ने से लोडेड गाड़ियों को अंदर करा रहा था। इसी बीच दबंगई के बल पर आरोपी विधायक ने अपने कार्यकर्ताओं की गाड़ियों को जबरन अंदर कराने की कोशिश की। जिसपर ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी उमेश कुमार शुक्ला ने जब ऐतराज जताया तो सत्ता के नशे में चूर आरोपी पूर्व विधायक ने मिल परिसर के अंदर सुरक्षा कर्मी की दौड़ा दौड़ा कर जमकर पिटायी की।

इस दौरान किसी तरह उसने मौके से भाग कर अपनी जान बचायी। यहीं नहीं पीड़ित सुरक्षा कर्मी ने बताया कि दो गाड़ियों पर सवार अपने दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक ने शुगर मिल के अधिकारियों को भी जमकर गालियां दी। ये तांडव बीती रात काफी देर तक चलता रहा। इस मामले की जानकारी होते ही पीड़ित सुरक्षा कर्मी की तहरीर पर पूर्व विधायक दिलीप वर्मा के खिलाफ 323,504,506,332,व 353 की संगीन धाराओं में कोतवाली नानपारा में मुकदमा दर्ज किया गया है।

थाने में समर्थकों के साथ पहुंचे-

FIR होने की जानकारी आज सुबह जब पूर्व विधायक को हुई तो वह अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे और एफआईआर की कॉपी फाड़ने का दबाव बनाने लगे। इस दौरान थाने में मौजूद सीओ एसके यादव से उनकी जमकर बहस हो गई। पूर्व विधायक ने कहा कि अगर एफआईआर वापस नहीं हुई तो हम धरने पर बैठ जाएंगे।

वहीं इस प्रकरण में कोतवाली पहुंचे आरोपी पूर्व विधायक दिलीप वर्मा ने कहा कि मामले की जांच CO नानपारा कर रहे हैं। अगर जांच में पुष्टि होती है तो मैं एक बार फिर जेल जाने को तैयार हूं। आप को बता दें कि आरोपी पूर्व विधायक दिलीप वर्मा सजायाफ्ता हैं जो एक दलित सिपाही की पिटाई के मामले में 5 साल की सजा काट चुके हैं। इन्हीं कारणों से आज इनका राजनीतिक वनवास चल रहा है जबकि इनकी पत्नी माधुरी वर्मा मौजूदा समय में नानपारा विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी की MLA हैं।