बूंदी. शहर के परेड ग्राउंड पर सोमवार को पुलिस की ओर से शहीद दिवस मनाया गया। इस दौरान अपनी ड्यूटी और फर्ज निभाते हुए शहीद हुए पुलिसकर्मियों को याद किया गया।
पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा ने शहीद स्मारक पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर वीर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित किए। परेड ग्राउण्ड में सुबह कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों को सलामी देने के साथ हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने 1 सितंबर 2022 से 31 अगस्त 2023 तक के विभिन्न संवर्ग के 216 शहीद अधिकारियों एवं कर्मचारियों के पदनाम व उनके नाम का वाचन कर उन्हें याद किया गया। शहीदों को हथियार व शीश झुका कर शोक सलामी दी गई। उनके सम्मान में दो राउंड फायङ्क्षरग भी की गई। संचित निरीक्षक बहादुर ङ्क्षसह के नेतृत्व में सम्मान गार्ड ने शोक शस्त्र की। इस दौरान दिवंगत आत्माओं के सम्मान में दो मिनट का मौन रखा गया। कार्यक्रम में मौजूद सभी अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र एवं पुष्पांजलि अर्पित की।
पुलिस अधीक्षक सहित सभी अधिकारियों ने इस मौके पर शहीदों की स्मृति में पौधरोपण किया। जिले में पुलिस कर्मियों ने शहीद दिवस पर स्वैच्छिक रक्तदान भी किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महिला अपराध अनुसंधान सेल जसवीर मीणा सहित वृत्ताधिकारी, थानाधिकारी, जवान एवं सेवानिवृत्त पुलिस कर्मी मौजूद रहे।