जयपुर। भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में हुई। बैठक के बाद मीडिया को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुन्धरा राजे ने कहा है कि राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड,गोवा और मणिपुर विधानसभा चुनाव,स्थानीय निकाय चुनाव और उप चुनाव में भाजपा की शानदार जीत के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया। साथ ही उनकी गरीब कल्याण की नीतियों की सराहना की। राजे ने कहा कि भाजपा आज़ादी अमृत महोत्सव का आगाज करते हुए हर घर तिरंगा कार्यक्रम आयोजित करेगी। देश को एक जुट करने के लिए देश का यह सबसे बड़ा आंदोलन होगा,जिसमें 20 करोड़ लोगों को जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि आज दुनिया की आर्थिक विकास दर चरमराई हुई है। आज दुनिया की विकास दर 6 प्रतिशत है, जबकि भारत की विकास दर 8.7 प्रतिशत है। यह मोदी के कुशल नेतृत्व का ही कमाल है। राजे ने कहा कि बैठक में प्रवास कार्यक्रम पर ज़ोर देते हुए हर बूथ को मजबूत करने पर ज़ोर दिया गया। अंत्योदय के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी चर्चा हुई। प्रत्येक बूथ पर 200 सक्रिय कार्यकर्ताओं का व्हाटस्अप ग्रुप तैयार करने के लक्ष्य,मन की बात कार्यक्रम के सुचारु संचालन और पन्ना प्रमुख तैयार करने पर भी चर्चा हुई। इनकी समीक्षा प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री नियमित करेंगे। बैठक में लोकसभा,विधानसभा प्रवास और कोर कमेटी की नियमित बैठके करने पर भी ज़ोर दिया गया। इसके साथ ही केन्द्र सरकार की योजनाओं के 30 करोड़ लाभार्थी हैं,उन तक पार्टी की पहुँच सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।