पोकरण रेलवे स्टेशन पर मंगलवार शाम करीब 6 बजे जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस के सामान्य कोच के ब्रेक लेदर में अचानक आग लग गई, जिससे एकबारगी हड़कंप मच गया। आग पर समय रहते काबू कर लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस मंगलवार शाम करीब 6 बजे पोकरण रेलवे स्टेशन से रवाना हो रही थी। इस दौरान थोड़ी आगे बढ़ते ही रेल के पीछे से तीसरे नंबर पर लगे सामान्य कोच में के ब्रेक लेदर शू चिपक गए और आग लग गई। अचानक लगी आग से धुआं उठने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, जिस पर लोको पायलट ने तत्काल रेल रोक दी। यात्री कोच से नीचे उतर गए। स्टेशन कार्मिकों ने अग्निशमन यंत्रों से आग पर काबू किया। समय रहते आग पर काबू कर लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। ब्रेक में आई खराबी को दूर करने के बाद रेल को रवाना किया गया।