जोधपुर.
सदर बाजार थानान्तर्गत कबूतरों का चौक के भिश्तियों का चौक में मनिहारों की हवेली के सामने स्थित सूने मकान का कुंदा तोड़ दो चोरों ने आभूषणों की दुकान व दो मंजिला मकान खंगाल डाला और चांदी के कुछ आभूषण सहित डेढ़-दो लाख रुपए का सामान ले गए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार मनिहारों की हवेली के सामने निवासी घनश्याम सोनी के दो मंजिला मकान के एक हिस्से में ज्वेलरी शोरूम है और दो मंजिला मकान में दिन में आभूषण बनाने का कार्य होता है। घरवाले कुछ दूर अन्य मकान में रहते हैं। रविवार तडक़े ३.४५ बजे दो चोर लकड़ी के दरवाजे का कुंदा तोड़ मकान में घुसे। फिर दुकान के दरवाजे का ताला तोड़ा और दुकान खंगाली। दो मंजिला मकान के हर कमरे व हिस्से की तलाशी ली। चोरों ने तिजोरी को गैस कटर से काटने का प्रयास भी किया, लेकिन नाकाम रहे।
दुकान मालिक का कहना है कि चोरों ने ३२ ताले तोडक़र डेढ़-दो लाख रुपए का सामान चुराए हैं। हालांकि उसने देर रात तक लिखित शिकायत नहीं दी।
उधर, प्रतापनगर थानान्तर्गत गीता भवन के पास डॉ जीएन पुरोहित वाली गली निवासी भीखाराम घांची के मकान की छत पर रखा सामान चोरी हो गया। भीखाराम व उसकी पत्नी गत ८ जनवरी को ड्यूटी पर गए थे। पुत्र स्कूल चला गया था। शाम को दम्पती लौटे और छत पर गए तो एक्सरसाइज करने में प्रयुक्त होने वाली साइकिल और कुछ अन्य सामान गायब था।