नागौर. रामदेव पशु मेला 30 जनवरी से शुरू हो जाएगा। हालांकि पशुओं की आवक शुरू हो गई है, लेकिन मेला मैदान अभी तक पूरी तरह से व्यवस्थित नहीं हो पाया है। इस मुद्दे को राजस्थान पत्रिका की ओर से प्रमुखता से उठाने के बाद बुधवार को उपखण्ड अधिकारी गोविंद सिंह भींचर पशु मेला मैदान पहुंचे। यहां पर मेला मैदान निरीक्षण के दौरान अव्यवस्था पाए जाने पर नाराजगी जताई। मेला मैदान की साफ-सफाई व्यवस्था के संबंध में नगरपरिषद के सफाई प्रभारी को अतिरिक्त श्रमिक लगाकर व्यस्थित करने के निर्देश दिए। उपखण्ड अधिकारी भींचर ने कहा कि पशु मेला मैदान में लगने वाली दुकानों में बिजली व्यवस्था की सूक्ष्मता से जांच कराई जानी चाहिए। इसके साथ ही संयुक्त निदेशक पशुपालन डॉ. महेश कुमार मीणा को निर्देशित किया कि वह बीएसएनएल का एक अस्थाई नंबर का लेकर मेला मैदान में कंट्रोल रूम बनाएं। इस नंबर की जानकारी पशुपालकों को भी होनी चाहिए। इसमें पशुपालकों की ओर से मिलने वाली शिकायतों के भी त्वरित निस्तारण की व्यवस्था होनी चाहिए। पशु मेला मैदान में खुले पाए गए तीन बोरवालों को बंद करने के निर्देश जलदाय विभाग के अधिकारियोंं को दिए गए। उन्होंने संयुक्त निदेशक डॉ. मीणा से कहा कि पशु मेला मैदान में पशु पालकों के ठहरने के लिए बेहतर व्यवस्था होनी चाहिए। इस संबंध में मेला मैदान को अच्छे तरीके से व्यवस्थित कराने के साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान उपखण्ड अधिकारी भींचर ने मेला मैदान में रुके पशुपालकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी, और इसके समाधान के लिए निर्देश भी दिए।