-आओ बाजार चले…टिंबर मार्केट
नागौर. शहर के प्रमुख बाजारों में टिंबर मार्केट है। यहां पर भी दुकानदार कारोबार तो करते हैं, लेकिन ट्रेफिक जाम, सफाई नहीं होना एवं खराब सडक़ों की हालत के कारण व्यापार प्रभावित हो रहा है। सडक़ों की हालत ऐसी है कि जरा सी नजर चूकी तो हादसा हो जाता है। ट्रेफिक जाम की स्थिति यह है कि हर आधे घंटे में यहां पर वाहनों की भीड़ के चलते यातायात ही थम जाता है। इसको लेकर स्थानीय दुकानदारों ने नगरपरिषद में आयुक्त एवं सभापति के साथ ही और कई सरकारी विभागों के जिम्मेदारों को लिखित रूप से अवगत भी कराया। इसके बाद भी समस्या बनी हुई है। दुकानदारों की माने तो समस्याओं का समाधान होने पर निश्चित रूप से व्यापार और भी ज्यादा बेहतर हो सकता है।
ट्रेफिक जाम-पार्किंग का अभाव प्रमुख समस्या
टिंबर मार्केट में पिछले दस से पंद्रह सालों से कारेाबार कर रहे दुकानदार इन दिनों बेहद परेशान हैं। इनकी परेशानी यह है कि पिछले करीब तीन सालों से इस पूरे मार्केट की हालत बेहद खस्ता हो चुकी है। यहां पर एक भी सडक़ ऐसी नहीं है, जहां पर सहजता पूर्वक यातायात का संचालन हो सके। वाहन चालक हो या पैदल राहगीर सडुक पर हुए अनगिनत गड्ढों के कारण परेशान है। दुकानदारों की माने तो यहां पर घटिया स्तर की सडक़ होने की वजह से बाजार में यातायात का सुगम संचालन ही नहीं हो पा रहा है। बताते हैं कि सफाई तो सप्ताह में केवल एक बार होती है। दुकानदारों की मांग है कि इस पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगने चाहिए, क्यों कि यहां पर बाइक चोरी आदि काफी होती रहती है।
दुकानदार बोले:
बाजार में हर समय धूल उड़ती रहती है। इसकी वजह से पूरा सामान खराब हो जाता है। सफाई तो बमुश्किल सप्ताह में एक बार होती है, और हास्यास्पद स्थिति यह है कि स्वच्छता अभियान भी चल रहा है।
सुनील जांगिड़, दुकानदार, टिंबर मार्केट
बिजली के तारों के चलते आए दिन यहां पर बिजली गुल हो जाती है। कारण है कि जरा सी तेज हवा चली या फिर पंक्षी बैठ गए तो यह तार परस्पर मिल जाते हैं। फिर इसका खामियाजा पूरे बाजार को भुगतना पड़ता है।
नंदकिशोर जांगिड़, टिंबर मार्केट, दुकानदार
बाजार में न तो सार्वजनिक शौचालय है, और न ही यातायात पुलिस यहां पर रहती है। इसके साथ ही पूरे बाजार में लावारिश पशुओं का जमावड़ा रहता है। ऐसे हालात में व्यापार कैसे चलेगा, बमुश्किल काम चल रहा है बस।
विजय पालडिय़ा, दुकानदार टिंबर मार्केट