देशभर में मौसम का मिजाज बदलता हुआ दिख रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से एक तरफ पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। वहीं दूसरी तरफ मैदानी इलाकों में बारिश और ठंडी हवाओं ने सर्दी के अहसास को दोगुना कर दिया है। इसी बीच दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम ने करवट ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के कुछ इलाकों के लिए रेड और कुछ इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और कहीं-कहीं ओले पड़ने की भी संभावना भी जताई जा रही है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश,उत्तराखंड में कई स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज़ हवाओं के साथ बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक, बिजली और ओलावृष्टि के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है। 28 जनवरी को मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश संभव है।