केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की जयपुर टीम ने चित्तौड़गढ़ केन्द्रीय नारकोक्टिस ब्यूरो (एनसीबी) के निरीक्षक आदर्श योगी व उसके दलाल केशव कुमार को गुरुवार को गिरफ्तार किया। सीबीआई ने दलाल को पहले भीलवाड़ा में दबोचा। उसकी गिरफ्तारी के बाद चित्तौड़गढ़ में निरीक्षक योगी को गिरफ्तार किया। सीबीआई दोनों आरोपियों को शुक्रवार को ट्रांजिट रिमांड से जयपुर ले गई।आरोप है कि निरीक्षक एनसीबी में दर्ज एक प्रकरण की जांच के दौरान परिवादी को फंसाने की धमकी देकर दलाल के जरिए तीन लाख रुपए वसूल रहा था। टीम ने योगी के बीकानेर के पैतृक आवास व चित्तौड़गढ़ आवास की भी तलाशी ली।
भीलवाड़ा के परिवादी ने केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो जयपुर को गत दिनों केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो चित्तौड़गढ़ के निरीक्षक आदर्श योगी के खिलाफ शिकायत की। परिवादी का आरोप है कि दो तीन माह पहले नई दिल्ली में प्रतिबंधित दवाओं के अवैध बिक्री के मामले में एनसीबी ने प्रकरण दर्ज किया है।
इसी मामले में राजस्थान के लिए हुई खरीद के मामले की जांच चित्तौड़गढ़ के केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के निरीक्षक आदर्श योगी कर रहे थे।भीलवाड़ा से दवा की खरीद का मामला सामने आने पर योगी ने भीलवाड़ा में परिवादी से पूछताछ की। इस पर परिवादी ने दवा की खरीद नियमानुसार होने की जानकारी दी, इसके बावजूद निरीक्षक दो साल पुराने बिल भी मांगने लगा।
परिवादी ने इस पर विभागीय लैटर के जरिए यह जानकारी मांगने पर ही बिल उपलब्ध कराने की बात कही। लेकिन निरीक्षक लगातार परेशान करने लगा। बीस लाख रुपए नहीं देने पर प्रकरण में फंसा देने की धमकी देने लगा। एक कंपनी का मालिक बिचौलियां के रूप में मदद के नाम पर निरीक्षक को रुपए देने का दबाव बनाने लगा।
सीबीआई ने मंगलवार को चित्तौड़गढ़ पहुंच कर समूचे मामले की जांच की और बुधवार को टीम चित्तौड़गढ़ पहुंची। परिवादी नारकोटिक्स ब्यूरो कार्यालय चित्तौड़गढ़ पहुंचा। यहां कार्यालय में अफीम पट्टे को लेकर काश्तकारों की भीड़ होने से निरीक्षक योगी ने परिवादी को बुधवार रात 11 बजे कलक्ट्रेट चौराहा पर बुलाया।
यहां चित्तौड़गढ़ में कलक्ट्रेट चौराहा पर निरीक्षक योगी पहुंचा और बीस लाख रुपए मांगे। परिवादी ने इतनी बड़ी राशि देने से इनकार किया। इसके बाद योगी ने आठ लाख रुपए पर सहमति जताई। योगी ने कहा कि गुरुवार सुबह वह जहां के रुपए पहुंचाने के लिए कहे वहां पहुंचा देना।अगले दिन सुबह योगी ने परिवादी को फोन किया और कहा कि यह राशि गुरुवार सुबह चित्तौड़गढ़ के बजाए भीलवाड़ा में लेगा। उसने गुरुवार सुबह भीलवाड़ा में गायत्री आश्रम के निकट रिलायंस मार्ट के सामने अपने एक आदमी को आठ लाख रुपए देने की बात कही।
गुरुवार सुबह परिवादी भीलवाड़ा पहुंचा।यहां सीबीआई ने रिलांयस मार्ट के आसपास जाल बिछा दिया। योगी के भिजवाए वांछित आदमी ने आठ लाख मांगे। परिवादी ने इस पर तीन लाख रुपए ही होने की बात कही। यह राशि दलाल केशव के लेते ही सीबीआई ने उसे दबोच लिया। भीलवाड़ा में हुई कार्रवाई की सूचना मिलते ही सीबीआई की दूसरी टीम ने चित्तौड़गढ़ में आदर्श योगी को गिरफ्तार कर लिया।
सीबीआई दोनों आरोपियों को चित्तौड़गढ़ ले गई। यहां शुक्रवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। इसके बाद सीबीआई ट्रांजिक्ट रिमांड के जरिए दोनों आरोपियों को जयपुर ले गई। सीबीआई सूत्रों के अनुसार टीम ने योगी बीकानेर िस्थत पैतृक आवास व चित्तौड़गढ़ िस्थत आवास की गुरुवार को तलाशी ली।