इंदौर. सी-21 एस्टेट में शनिवार को हुए हनी सिंह के कार्यक्रम के बाद रविवार सुबह नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की। आयोजक जब सुबह सामान समेट रहे थे, तभी नगर निगम का रिमूवल अमला पहुंच गया और साउंड और लाइट से भरा कंटेनर जब्त कर लिया। हनी सिंह के शो का टैक्स बकाया होने पर निगम ने यह कार्रवाई की। जब्त सामान की कीमत करीब एक करोड़ हो सकती है। जब्त कंटेनर निगम मुख्यालय पर खड़ा किया गया है।
हनी सिंह के शो और नगर निगम के बीच टैक्स को लेकर शुरू से ही विवाद की स्थिति बनी रही। दिलजीत दोसांझ के आयोजन से मनोरंजन कर नहीं मिलने से सबक लेते हुए निगम ने हनी सिंह के शो को लेकर सख्ती की। निगम अफसर अड़े रहे कि एडवांस टैक्स जमा नहीं होने तक शो की अनुमति नहीं दी जाएगी। एक दिन पहले शुक्रवार देर रात आयोजकों ने 7 लाख 84 हजार टैक्स का चेक निगम अफसरों को सौंपा, जिसके बाद कार्यक्रम की अनुमति दी गई। शनिवार को महापौर ने जानकारी निकलवाई तो पता चला कि आयोजकों ने कम टैक्स चुकाया है। जीएसटी पोर्टल के आंकड़ों के आधार पर निगम अफसरों ने शनिवार को 50 लाख रुपए एडवांस टैक्स जमा करने का नोटिस जारी किया। आयोजन शुरू होते ही निगम अफसर मौके पर पहुंच गए थे और इसे रुकवाने की तैयारी थी। हालांकि हनी सिंह का आयोजन हुआ।
टैक्स जमा होगा, तभी छोड़ेंगे सामानकरीब डेढ़ घंटे के शो के बाद हनी सिंह इंदौर से रवाना हो गए। रविवार सुबह जब आयोजक पैकअप कर रहे थे, तभी रिमूवल अमले ने वह कंटेनर जब्त कर लिया, जिसमें लाइट और साउंड सिस्टम पैक किया गया था। नगर निगम बचा हुआ टैक्स जमा करने का दबाव बना रहा है। टैक्स जमा होने के बाद ही सामान छोड़ा जाएगा।
–झूठी जानकारी के बाद आयोजक और अफसर थे बेफिक्र
शुक्रवार को एडवांस टैक्स का चेक देकर आयोजक और नगर निगम अफसर बेफिक्र हो गए थे, लेकिन महापौर ने जीएसटी पोर्टल से जानकारी मांग ली। इससे पता चला कि आयोजकों ने जितने टिकट बिकने की जानकारी दी है, उससे कई गुना ज्यादा टिकट बिके हैं। इस पर महापौर ने नाराजगी जताई और अफसरों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद शनिवार को मार्केट विभाग ने 50 लाख टैक्स जमा करने का नोटिस जारी किया। जब शनिवार शाम तक टैक्स जमा नहीं हुआ तो महापौर ने निर्देश दिए कि शो नहीं होना चाहिए। हालांकि तब तक शो शुरू हो गया था। निगम अफसरों ने शो रुकवाने का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस से सहयोग नहीं मिला। साथ ही प्रभारी अपर आयुक्त लता अग्रवाल ने यह जानकारी भी दी कि शो रुकवाया तो दर्शक भड़क सकते हैं, जिससे स्थिति बिगड़ सकती है। इसके चलते शनिवार शाम को कार्रवाई रोक दी गई और आयोजन महज डेढ़ घंटे ही चला। इतनी कम अवधि होने से दर्शकों ने खुद को ठगा महसूस किया।