
भीलवाड़ा। शहर में युवती के साथ गैंगरेप व ब्लैकमेल कांड में लिप्त महिला आरोपी को कोतवाली पुलिस ने इंदौर से गिरफ्तार किया। पुलिस प्रकरण मेें सभी नौ नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। दूसरी तरफ सर्व हिंदू समाज ने 10 मार्च को भीलवाड़ा शहर बंद की चेतावनी दी है। गैंगरेप के मामले में संतों के सानिध्य में बुधवार को कलक्टर को ज्ञापन दिया गया।
पुलिस उपाधीक्षक शहर मनीष बड़गुर्जर ने बताया कि युवती के साथ गैंगरेप के मामले मेें पुलिस नौ नामजद आरोपियों में से आठ को सोमवार को गिरफ्तार चुकी है। जबकि इसी मामले में अंतिम व नौवीं आरोपी गुलजार नगर निवासी शाहीन मंसूरी को इंदौर से गिरफ्तार किया गया। शाहीन उर्फ साइना की गिरफ्तारी के लिए शहर के कई सीसी कैमरों को खंगाला गया। उसकी लोकेशन इंदौर में मिलने के बाद वहां के भी पचास सीसी कैमरे जांचे। इस दौरान इंदौर रेलवे स्टेशन के समीप एक होटल में उसकी मौजूदगी होने की सूचना पुख्ता हुई। यहां से उसे गिरफ्तार कर भीलवाड़ा लाया गया। बुधवार को आरोपी साइना से पूछताछ की गई।
मौके पर ले गई आरोपियों को
बडगुर्जर ने बताया कि वारदात में गिरफ्तार अभियुक्तों को बुधवार को कैफे लग गई। यहां पीडि़ता के साथ हुई घटना के स्थल की तस्दीक की। सोमवार को गिरफ्तार हुए आठ आरोपी को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस कार्रवाई के बाद कैफ संचालक ने बुधवार को यहां अवैध रूप से बनी केबिनें हटा दी, साथ ही यहां नाम का बोर्ड भी हटा दिया। शहर के कैफे संचालकों को भी पाबंद किया गया।
संतों ने सौंपा ज्ञापन, प्रदर्शन
सर्व समाज ने संतों के सानिध्य में जिला प्रशासन को ज्ञापन दिया। ऐसे मामलों के दोषियों को फांसी की सजा देने, संपत्तियों पर बुलडोजर चलाने, सीबीआई जांच समेत 15 सूत्रीय मांग रखी। इस दौरान महंत हंसाराम , महंत बाबूगिरी, महंत मोहनशरण, महंत रामदास रामायणी, महंत बलराम दास, महंत नारायणदास, संत मुरारी, संत मायाराम, विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री ओमप्रकाश लड्ढा, चंद्रशेखर शर्मा, विभाग मंत्री विजय ओझा, गणेश प्रजापत, ओम प्रकाश बूलिया आदि मौजूद रहे।
एनएसयूआई ने जताया विरोध
एनएसयूआई व सनातन युवा परिषद् ने संयुक्त रूप से एनएसयूआई प्रदेश सचिव पूरण गाडरी व सनातन युवा परिषद् के प्रमुख रितेश गुर्जर के नेतृत्व में कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर रेप के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वही भीलवाड़ा फोटोग्राफर एसोसिएशन ने गुरुवार को सुबह 11 बजे तक फोटो व वीडियो कारोबार बंद रखने व विरोध रैली निकालने का निर्णय किया है।