उज्जैन.
रीजनल इंडस्ट्री कान्क्लेव में आधा दर्जन से ज्यादा बड़े औद्योगिक घरानों का प्रतिनिधित्व भी होगा। इनमें अंबानी ग्रुप के साथ ही वाल्वो आयशर, जेएसडब्ल्यू, एशियन पेंट, पतंजलि, जेके सीमेंट जैसे नामी ग्रुप शामिल हैं। एमपीआइडीसी को इन गु्रप के उच्च स्तर से सहमति मिल गई है।
शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में १ व २ मार्च को रीजनल इंडस्ट्री कान्क्लेव आयोजित हो रहा है। स्थानीय सहित देशभर से इसमें करीब एक हजार उद्यमि शामिल होंगे। इनमें कई बड़े उद्योगपतियों के आने की भी संभावना है। कार्यक्रम में उद्यमियों को उज्जैन सहित म्रप में औद्योगिक विकास संबंधित आदर्श स्थितियों की जानकारी देते हुए निवेश के लिए प्रेरित किया जाएगा। उम्मीद है कि कान्क्लेव से जिले व प्रदेश के औद्योगिक विकास को और गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री देंगे भोज
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ओर से १ मार्च को प्रमुख उद्यौगपतियों को रात्रि भोज दिया जाएगा। आयोजन जीवाजी वेधशाला परिसर में होगा। भोज में करीब सौ प्रमुख उद्यमियों को आमंत्रित किया जाएगा। यहां कार्यक्रम करने का मुख्य उद्देश्य उद्यमि मेहमानों को शहर के गोरवमीय इतिहास, पौराणिकता, विरासत से परिचित करना है।
तीन सेक्टर पर फोकस रहेगी समिट
कान्क्लेव मुख्य रूप से तीन सेक्टर पर फोकस रहेगी। प्रदेश में डेयरी, कृषि और फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री, धार्मिक पर्यटन, फिल्म डिवाइस और फार्मा व मेडिकल डिवाइस इंडस्ट्री में निवेश के अवसरों की जानकारी दी जाएगी और इन्हीं सेक्टर में मुख्य रूप से निवेश प्रस्ताव लिए जाएंगे। कांक्लेव 1 मार्च सुबह 9.30 बजे शुरू होगी व 2 मार्च को समापन होगा। मध्य प्रदेश की निवेश संवर्धन की नीतियों व सिंगल विंडो के जरिए सभी तरह की अनुमतियों को त्वरित देने के सिस्टम के बारे में भी बताया जाएगा।
कांक्लेव की सफलता के लिए महाकाल को चढ़ाए लड्डू
मुख्यमंत्री की मंशा अनुसार रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव की सफलता के लिए बाबा महाकाल को 6.25 क्विंटल लड्डृओं का भोग अर्पित किया गया। मंगलवार को एमपीआइडीसी के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर राजेश राठौड़ व आईडीसी उज्जैन की टीम महाकाल के दरबार में पहुंची व लड्डुओं का भोग अर्पित किया। टीम ने महाकाल का अभिषेक कर कॉन्क्लेव की सफलता ,प्रदेश में व्यापक निवेश व उद्योगों की तरक्की के लिए प्रार्थना की। महाकाल मंदिर में अर्पित किए गए लड्डुओं को प्रसाद के रूप में कॉन्क्लेव में ले जाया जाएगा व आने वाले निवेशकों को यह प्रसाद वितरित किया जाएगा।