Vladimir Putin Wins: रूस के चुनाव के परिणामों का ऐलान हो चुका है। और जैसा सभी को लग रहा था, वैसा ही हुआ। व्लादिमीर पुतिन को जीत मिली है और वह एक बार फिर रूस के राष्ट्रपति बन गए हैं।
रूस (Russia) पिछले कुछ दिनों से अलग वजह से चर्चा में है। इसकी वजह है रूस में हुए राष्ट्रपति चुनाव। रूस में 15-17 मार्च के बीच चुनाव हुए और लोगों ने वोट डाले। दूसरे देशों में रहने वाले कई रूसी नागरिकों ने भी वोट देने के अपने अधिकार का इस्तेमाल किया। पिछले 2 साल से ज़्यादा समय से रूस और यूक्रेन (Ukraine) के बीच युद्ध चल रहा है। ऐसे में राष्ट्रपति चुनाव पर सभी की नज़रें थी। पर सभी को इसका परिणाम भी पता था। सभी को पता था कि चुनाव में किसकी जीत होगी और वैसा ही हुआ जैसा सभी ने सोचा था। रूस के वर्त्तमान राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) चुनाव जीतकर एक बार फिर रूस के राष्ट्रपति बन गए हैं।
पांचवीं बार बने रूस के राष्ट्रपति
इस चुनावी जीत के साथ ही पुतिन पांचवीं बार रूस के राष्ट्रपति बन गए हैं। पुतिन साल 2000 में पहली बार रूस के राष्ट्रपति बने थे। उसके बाद पुतिन 2008 तक रूस के राष्ट्रपति रहे। 2012 में पुतिन की रूस के राष्ट्रपति पद पर वापसी हुई और तब से पुतिन ही रूस के राष्ट्रपति हैं।
2030 तक राष्ट्रपति बने रहना किया सुनिश्चित
इस चुनाव में जीत के साथ ही पुतिन ने 2030 तक रूस का राष्ट्रपति बने रहना सुनिश्चित किया। वैसे इस बात में किसी को भी कोई संशय नहीं था कि जीत पुतिन की ही होगी। चुनाव तो सिर्फ एक औपचारिकता मात्र थी।
दर्ज की रिकॉर्ड जीत
पुतिन ने रूस के राष्ट्रपति चुनाव में रिकॉर्ड जीत दर्ज की। जानकारी के अनुसार उन्हें 87.67% वोट मिले जो एक बड़ी जीत है। हालांकि इसकी बड़ी वजह पुतिन के सामने किसी स्पष्ट विरोधी का न होना और चुनाव में पुतिन की जीत पहले से ही तय होना रही। चुनाव में पोलिंग बूथ पर भी तैनात थी जिससे पुतिन का विरोध न हो सके और चुनाव वैसे ही हो जैसे पुतिन चाहते थे। यह भी संभव है कि चुनाव में फर्ज़ी वोटिंग का भी इस्तेमाल हुआ है।