विधानसभा चुनावों की तारीखों के ऐलान के बाद से ही सभी दलों की सक्रियता बढ़ गई है। सूबे में सत्तारूढ़ दल समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। आगरा में इन दलों के प्रत्याशी चुनाव प्रचार प्रसार में लग गए हैं वहीं भाजपा कांग्रेस में अभी टिकट पाने के लिए ही जद्दोजहद चल रही है। फतेहपुर सीकरी सीट पर भाजपा से टिकट पाने के लिए चल रही लड़ाई दिलचस्प दौर में पहुंच गई है।
2012 विधानसभा में बसपा ने मारी बाजी
2012 विधानसभा चुनाव में बसपा की तरफ से ठाकुर सूरजपाल सिंह, भाजपा से जितेंद्र फौजदार, कांग्रेस-रालोद में गठबंधन होने की वजह से चौधरी बाबूलाल को संयुक्त प्रत्याशी के तौर पर उतारा गया, वहीं राजकुमार चाहर ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर किस्मत आजमाई। बीते विधानसभा चुनाव में बाजी मारी बसपा ने और जीत का सेहरा बंधा ठाकुर सूरपाल के सिर।
2017 में ये हैं मैदान में
2017 विधानसभा चुनाव में बसपा ने दोबारा ठाकुर सूरजपाल पर ही विश्वास जताया है। समाजवादी पार्टी से रामनिवास शर्मा को टिकट मिला है। सपा में चल रहे द्वंद की वजह से सपा के दो प्रत्याशी मैदान में हैं। राम निवास शर्मा को शिवपाल का प्रत्याशी माना जा रहा है वहीं अखिलेश के प्रत्याशी के तौर पर लाल सिंह लोधी भी मैदान में हैं। वहीं भाजपा से टिकटार्थियों की लंबी फेहरिश्त है। कांग्रेस दीवान सिंह मुखिया टिकट मांग रहे हैं।
भाजपा से टिकट के लिए रस्साकशी
फतेहपुर सीकरी जाट बाहुल्य सीट मानी जाती है। इसिलए भाजपा से सभी जाट टिकटार्थी ही लाइन में हैं। पूर्व विधायक चौधरी उदयभान सिंह, निर्दलीय लड़ चुके राजकुमार चाहर, नेत्र चिकित्सक डॉ हितेंद्र इंदौलिया वहीं भाजपा से 2012 में भी चुनाव लड़ चुके जितेंद्र फौजदार और प्रशांत पौनिया भी टिकट के लिए लाइन में हैं। खास बात यह है कि भाजपा से टिकट मांगने वाले सभी जाट बिरादरी से ही आते हैं। पूर्व विधायक चौधरी उदयभान सिंह बीते लोकसभा चुनाव के दौरान पद यात्रा के जरिए खासी पकड़ बना चुके हैं, इसलिए इस सीट पर भाजपा की तरफ से टिकट के लिए लाइन में लगे लोगों के सामने बड़ी चुनौती है।