
Gujarat: कच्छ जिले की लखपत तहसील में 24 घंटे में 13 इंच बारिश, टूटा पुल, नहर टूटने से खेतों में भरा पानी
13 Inch rain in 24 hours in Lakhpat tehslis of Kutch district
गुजरात में बारिश का दौर जारी है। शनिवार को राज्य में 157 तहसीलों में बरसात हुई। कच्छ जिले की लखपत तहसील में शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक मूसलाधार बारिश हुई। यहां 24 घंटे के दौरान 13 इंच पानी बरसा। लखपत, नखत्राणा, मांडवी तहसील में मूसलाधार बारिश हुई। लखपत तहसील में बालापार के पास पुल टूट गया। इस कारण एक जीप पलट गई। जीप में रखी दूध की केन को लोगों ने पानी में खड़े होकर किनारे पर पहुंचाया।
बारिश के चलते चलते कई तालाब-डैम में पानी की आवक हुई। कई जगहों पर नदी-नालों में बाढ़ के हालात हो गए। अनेक रास्तों को नुकसान हुआ। नखत्राणा में भारी बारिश के दौरान कार बह गई और एक स्कूटर चालक को भी बहते पानी से बचा लिया गया। मूसलाधार बारिश के चलते सडक़ें खस्ताहाल हो गईं।
नहर टूटने से खेतों में भरा पानी
कच्छ जिले की मांडवी तहसील के बिदड़ा गांव से मोडकुबा गांव तक नर्मदा नहर से पानी पहुंचाने के टेस्ट के दौरान नहर टूटने से खेतों में पानी भर गया। सूत्रों के अनुसार नहर से पानी पहुंचाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 15 जुलाई को पानी का स्वागत करने आने वाले थे, नहर टूटने के बाद पानी के स्वागत का कार्यक्रम स्थगित किया गया है।
शनिवार को राज्य के दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र सहित अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई। बारह घंटों के दौरान वलसाड के कपराडा में सबसे ज्यादा करीब पांच इंच पानी बरसा। जिले की धरमपुर तहसील में चार इंच से ज्यादा बरसात हुई। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक हल्के से मध्यम और गरज के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की है।
Published on:
09 Jul 2022 10:44 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
