1 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अंबाजी में 51 शक्तिपीठ परिक्रमा महोत्सव आज से

उत्तर गुजरात के गांवों में शक्ति रथ का स्वागत

2 min read
Google source verification
अंबाजी में 51 शक्तिपीठ परिक्रमा महोत्सव आज से

उत्तर गुजरात के गांवों में शक्ति रथ का स्वागत।

पालनपुर. बनासकांठा जिले में अंबाजी स्थित गब्बर तलहटी में 12 से 16 फरवरी तक 51 शक्तिपीठ परिक्रमा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। उत्सव से पहले रवाना किए गए शक्ति रथों का उत्तर गुजरात के गांवों में स्वागत किया गया।
पालनपुर में कलक्टर कार्यालय से आरासुरी अंबाजी माता देवस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष सह कलक्टर आनंद पटेल ने महोत्सव में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं को आमंत्रित करने के लिए शक्तिरथ रवाना किए। शक्तिरथों के माध्यम से गांव-गांव में श्रद्धालुओं तक महोत्सव के आयोजन का संदेश पहुंचा। गांवों में इन रथों का स्वागत किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम भी

राज्य सरकार, गुजरात पवित्र यात्राधाम विकास बोर्ड, आरासुरी अंबाजी माता देवस्थान ट्रस्ट की ओर से आयोजित किए जा रहे महोत्सव में गब्बर तलहटी के प्रवेश स्थल पर पार्किंग के समीप सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
रविवार को कलाकार सांत्वना त्रिवेदी, 13 फरवरी को कलाकार कीर्तिदान गढ़वी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोक डायरा करेंगे। 14 फरवरी को कलाकार पार्थिव गोहिल, 15 को साईराम दवे और 16 फरवरी को किंजल दवे सहित कलाकार प्रस्तुति देंगे। इस अवसर पर भरतनाट्यम, प्रार्थना, गरबा, शास्त्रीय एवं भक्ति संगीत, रामनी रमझट, दुर्गा स्तुति भरत नाट्यम, लोकनृत्य गरबा, गरबे घूमे, संतवाणी व लोक डायरे के आयोजन होंगे।

23 समितियां गठित

आयोजन व व्यवस्था के लिए 23 समितियों का गठन किया गया है। सभी समितियों के अलग-अलग नोडल अधिकारी नियुक्त कर व्यवस्थाएं सुचारू रखने का निर्देश दिए हैं।

एसटी की 2500 अतिरिक्त बसों का संचालन

पूरे उत्तर गुजरात से तीर्थयात्री बिना किसी असुविधा के अंबाजी आ सकें, इसके लिए गुजरात परिवहन निगम प्रशासन की ओर से एसटी की 2500 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। फेरी सर्विस की 15 मिनी बसों की व्यवस्था की गई है।

10 स्वास्थ्य टीमें तैनात

यात्रियों की स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए 10 से अधिक स्वास्थ्य टीमें, अंबाजी अस्पताल में एक आपातकालीन उपचार सुविधा स्थल और कार्डियक सर्जन की सेवाएं भी उपलब्ध कराई है।

तीन लेयर सुरक्षा व्यवस्था

जिला पुलिस अधीक्षक अक्षयराज मकवाणा के अनुसार महोत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने व सुरक्षा ने लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जंगल क्षेत्र में परिक्रमा पथ पर तीन लेयर में दिन-रात गश्त की जाएगी। जिलेवार विशेष पार्किंग प्लॉट की व्यवस्था की गई है। ट्रैफिक, वाहन गुम होने की समस्या के समाधान के लिए क्रेन की भी व्यवस्था की गई है। पूरे महोत्सव के दौरान पुलिस बल मौजूद रहेगा।

Story Loader