अहमदाबाद

Gujarat: गुजरात में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस मिलकर लड़ेगी लोकसभा चुनाव

AAP, Gujarat, Lok Sabha Polls, Congress

2 min read
Gujarat: गुजरात में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस मिलकर लड़ेगी लोकसभा चुनाव

AAP Gujarat Chief Says Party Will Contest Lok Sabha Polls With Congress

गुजरात में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। यह अहम घोषणा आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ईसूदान गढ़वी ने की।

सोमवार को अचानक बुलाए गए संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए गढ़वी ने कहा कि इंडिया गठबंधन के तहत उनकी पार्टी और कांग्रेस मजबूती से गुजरात में 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ेगी। दोनों पार्टियों का गठबंधन भाजपा को हराएगा। इंडिया गठबंधन गुजरात में भी एक साथ काम करेगा।उन्होंने कहा कि फिलहाल सीटों को लेकर मूल्यांकन किया जा रहा है। गुजरात में सीटों का बंटवारा कर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस लोकसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि यदि सीटों के बंटवारे को लेकर ठीक से काम किया गया तो गुजरात की सभी 26 सीटें भाजपा इस बार नहीं जीत पाएगी। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन से भाजपा डरी हुई है।

कांग्रेस ने कहा इंडिया गठबंधन तय करेगा

आम आदमी पार्टी की इस घोषणा पर गुजरात कांग्रेस ने कहा कि इस मामले में इंडिया गठबंधन की ओर से निर्णय लिया जाएगा। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ मनीष दोशी ने कहा कि गठबंधन को लेकर आलाकमान निर्णय करेगा।

भाजपा ने बताया आप को कांग्रेस की बी टीम

इधर भाजपा ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गुजरात आप प्रमुख की घोषणा ने इस बात को स्थापित किया है कि आप कांग्रेस की बी टीम है। भाजपा नेता ऋत्विज पटेल ने कहा कि पार्टी पिछले दो टर्म से सभी 26 लोकसभा सीटें जीत रही है। इस बार हमारे प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल ने सभी सीटों पर 5 लाख से ज्यादा मार्जिन बढ़ाकर जीत दर्ज करने का लक्क्ष्य दिया है।

पिछले दो लोस चुनावों में भाजपा की सभी 26 सीटों पर जीत

उल्लेखनीय है कि 2019 और 2014 के दोनों लोकसभा चुनावों में सभी 26 सीटों पर भाजपा की जीत हुई। कांग्रेस को इन दोनों चुनावों में एक भी सीट नहीं मिल सकी वहीं आम आदमी पार्टी ने चुनाव नहीं लड़ा था। गत वर्ष हुए गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा को 156 सीटों के रूप में ऐतिहासिक जीत मिली थी वहीं आम आदमी पार्टी को 5 सीटें मिली थीं। कांग्रेस को सिर्फ 17 सीटों से संतोष करना पड़ा था।

Published on:
07 Aug 2023 10:55 pm
Also Read
View All

अगली खबर